विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MSME और निर्यातकों को बड़ी राहत, जालंधर में खुलेगी आधुनिक परीक्षण प्रयोगशाला; कई उत्पादों की होगी जांच

Published: Sun, 30 Aug 2026 05:55 PM (IST)

पंजाब सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण सदन की साझेदारी से जालंधर में अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित होगी। लुधियाना, अमृतसर और जालंधर के उद्योगों को विश्वस्तरीय परीक्षण सुविधाएं मिलेंगी।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. जालंधर में नेशनल टेस्ट हाउस की अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित होगी।

  2. एमएसएमई और निर्यातकों को गुणवत्ता जांच में मिलेगी सुविधा।

  3. पंजाब के औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक मानकों पर खरा उतारेगी।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के औद्योगिक क्षेत्र को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत जालंधर स्थित नॉर्थर्न इंडियन इंस्टीट्यूट आफ फैशन टेक्नोलाजी (एनआईआईएफटी) में एनटीएच की अत्याधुनिक परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी।

यह लैब लुधियाना, अमृतसर और जालंधर के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों को परीक्षण और प्रमाणन सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि औद्योगिक केंद्रों के नजदीक विश्वस्तरीय परीक्षण सुविधाएं उपलब्ध होने से एमएसएमई और निर्यातकों को बड़ी राहत मिलेगी।

उत्पादों की गुणवत्ता जांच और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन के लिए उन्हें दूर स्थित प्रयोगशालाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे अनुपालन लागत और उत्पाद तैयार करने में लगने वाला समय भी कम होगा।

बेंगलुरु में एनटीएच के 115वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान पंजाब सरकार और एनटीएच के बीच साझेदारी हुई। समझौते के दस्तावेज उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के निदेशक जसप्रीत सिंह और एनटीएच के महानिदेशक डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव ने एक-दूसरे को सौंपे।

यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में पड़ोसी ने खोदी गहरी नींव, हिल गई तीन मंजिला इमारत; दो मिनट बाद ढह गया मकान

खेल सामग्री से लेकर आटो कंपोनेंट तक होगी जांच

अमन अरोड़ा ने कहा कि एनआईआईएफटी जालंधर में स्थापित होने वाली लैब पंजाब के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगी। इसमें खेल सामग्री, टेक्सटाइल, चमड़ा, हैंड टूल्स, आटो कंपोनेंट्स और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों के उत्पादों की जांच की जा सकेगी। इससे स्थानीय उद्योगों को गुणवत्ता सुधारने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पाद तैयार करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- लव मैरिज का खौफनाक अंत: तरनतारन बस अड्डे पर सालों ने जीजा के चेहरे पर 83 वार कर किया कत्ल, दोनों आंखें फोड़ीं

ड्रोन और ईवी बैटरी परीक्षण में भी विशेषज्ञता

एनटीएच उपभोक्ता मामले मंत्रालय के अधीन कार्य करता है। संस्थान ने पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ ड्रोन प्रमाणन, ईवी बैटरी परीक्षण और आर्गेनिक फूड टेस्टिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में भी अपनी विशेषज्ञता बढ़ाई है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण की सुविधा पंजाब के विनिर्माण क्षेत्र के लिए अहम साबित हो सकती है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में मजबूत परीक्षण इकोसिस्टम विकसित करने पर सरकार का जोर है। औद्योगिक क्लस्टरों के पास आधुनिक परीक्षण सुविधाएं मिलने से निर्यात-उन्मुख इकाइयों और एमएसएमई को वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने में आसानी होगी। इससे पंजाब को प्रतिस्पर्धी विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में मजबूत करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में फुटबाल मैदान से घर की ओर निकले पीटी शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, पंजाब स्तर के खिलाड़ी थे अमृतपाल