11 साल पुराने बहबल कलां गोलीकांड में सुखबीर बादल से SIT ने की 3 घंटे पूछताछ, बोले- दबाव में नहीं झुकेंगे
बेअदबी मामलों में एसआईटी की करीब तीन घंटे चली पूछताछ के बाद सुखबीर बादल ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरा सहयोग दिया और पा ...और पढ़ें

एसआईटी के समक्ष पेशी के बाद बाहर आए अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल पार्टी वर्करों से मिलते हुए।
HighLights
सुखबीर बादल से 2015 बेअदबी मामलों पर एसआईटी ने की पूछताछ।
तीन घंटे चली पूछताछ में बादल ने सहयोग का दावा किया।
बादल ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया, दबाव में न झुकने की बात कही।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। वर्ष 2015 के बेअदबी मामलों की जांच कर रही विशेष जांच टीम के समक्ष करीब तीन घंटे तक चली पूछताछ के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सोमवार को एसआईटी कार्यालय से बाहर आए। पूछताछ समाप्त होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए जांच प्रक्रिया को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं और पूरे मामले में सहयोग किया है।
सुखबीर सिंह बादल दोपहर करीब 12 बजे सेक्टर-32 स्थित विशेष जांच टीम के कार्यालय पहुंचे थे। वहां अधिकारियों ने उनसे विभिन्न बिंदुओं पर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ समाप्त होने के बाद उन्होंने कहा कि वह कानून और जांच प्रक्रिया का सम्मान करते हैं तथा जांच एजेंसी के समक्ष अपना पक्ष विस्तार से रखा है।
मीडिया से बातचीत में सुखबीर बादल ने कहा कि उन्हें तलब किए जाने के पीछे राजनीतिक कारण होने का उनका व्यक्तिगत मत है। उन्होंने जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय आने पर हर कार्रवाई का जवाब संबंधित अधिकारियों को देना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी किसी भी प्रकार के दबाव में आने वाली नहीं है और अपने राजनीतिक व जनहित के मुद्दों को पहले की तरह उठाती रहेगी।
यह भी पढ़ें- मतभेदों के बीच पंजाब कांग्रेस की चुनावी बैठक, बघेल ने बुलाए समिति सदस्य; चन्नी गुट की मौजूदगी पर रहेगी नजर
बारिश में भी पहुंचे पार्टी वर्कर
उन्होंने भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचे शिरोमणि अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्थन उनके लिए बड़ी ताकत है और इससे उनका मनोबल और मजबूत हुआ है।
खबरें और भी
गौरतलब है कि वर्ष 2015 में हुई बेअदबी की घटनाओं तथा उसके बाद बहबल कलां और कोटकपूरा में हुए घटनाक्रम की जांच विशेष जांच टीम कर रही है। इसी सिलसिले में एसआईटी ने सुखबीर सिंह बादल को पूछताछ के लिए तलब किया था। माना जा रहा है कि जांच अधिकारियों ने उस समय की प्रशासनिक प्रक्रिया और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- जालंधर में काफिला रोककर घायल युवती की मदद को दौड़े चिराग पासवान, सरकारी गाड़ी से अस्पताल भेजा; Video वायरल
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई पेशी
सुखबीर बादल की पेशी को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सेक्टर-32 और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। बड़ी संख्या में शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता भी उनके समर्थन में मौके पर पहुंचे थे।
फिलहाल विशेष जांच टीम की ओर से पूछताछ के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पूछताछ के दौरान किन-किन बिंदुओं पर सवाल पूछे गए और जांच का अगला चरण क्या होगा। अब इस मामले में जांच एजेंसी की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।