जालंधर में काफिला रोककर घायल युवती की मदद को दौड़े चिराग पासवान, सरकारी गाड़ी से अस्पताल भेजा; Video वायरल
श्री हरिमंदिर साहिब से लौटते समय केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सड़क हादसे में घायल युवती की मदद की। उन्होंने काफिला रुकवाकर सरकारी गाड़ी से उसे अस्प ...और पढ़ें
HighLights
चिराग पासवान ने सड़क हादसे में घायल युवती की मदद की।
सरकारी गाड़ी से युवती को अस्पताल पहुंचाया, काफिला रोककर सहायता।
मानवीय पहल का वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर खूब प्रशंसा।
जागरण संवाददाता, जालंधर। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने पंजाब दौरे के दौरान सड़क हादसे में घायल युवती की मदद कर मानवता का परिचय दिया। श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद जब वह जालंधर लौट रहे थे, तब रास्ते में डेरा सचखंड बल्लां के निकट एक सड़क दुर्घटना दिखाई दी। सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी युवती को देखते ही उन्होंने अपना काफिला तुरंत रुकवा दिया और हालात का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा जालंधर से लगभग 10 से 15 किलोमीटर पहले हुआ था। दुर्घटना के बाद युवती सड़क किनारे घायल पड़ी थी। जैसे ही केंद्रीय मंत्री की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए अपने स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को तुरंत मदद करने के निर्देश दिए।
चिराग पासवान ने मौके पर मौजूद लोगों से दुर्घटना की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि घायल युवती को तत्काल चिकित्सा सहायता मिले। उनके निर्देश पर युवती को केंद्रीय मंत्री की सरकारी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने तब तक घटनास्थल नहीं छोड़ा, जब तक यह सुनिश्चित नहीं हो गया कि घायल को इलाज के लिए भेज दिया गया है। इसके बाद ही उनका काफिला आगे रवाना हुआ।
यह भी पढ़ें- हिमाचल से आने वाले वाहनों पर अब लगेगा नया टोल! रूपनगर जिला परिषद ने पारित किया प्रस्ताव
राहगीर ने रिकॉर्ड की घटना
घटना के दौरान वहां मौजूद एक राहगीर ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में केंद्रीय मंत्री घटनास्थल पर रुककर स्थिति का जायजा लेते, अधिकारियों और स्टाफ को आवश्यक निर्देश देते तथा घायल युवती को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करते दिखाई दे रहे हैं।
खबरें और भी
वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इस मानवीय पहल की सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि सड़क हादसों में समय पर मिली मदद किसी की जान बचा सकती है और ऐसे समय में संवेदनशीलता सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है।
यह भी पढ़ें- बेअदबी मामलों में SIT के सामने पेश हुए सुखबीर बादल, अकाली समर्थकों का जताया आभार; बोले- सच्चाई की होगी जीत
वीडियो बना चर्चा का विषय
सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में विशेषज्ञ भी लगातार यह सलाह देते रहे हैं कि घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री द्वारा मौके पर रुककर तुरंत सहायता उपलब्ध कराने की पहल को लोग सकारात्मक उदाहरण के रूप में देख रहे हैं।
हालांकि युवती की पहचान और उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी इस संबंध में विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग केंद्रीय मंत्री के इस मानवीय कदम की खुलकर प्रशंसा कर रहे हैं।