फतेहगढ़ साहिब में खेत की मोटर चलाने गए किसान की मौत, तेज करंट लगने से दम तोड़ा
फतेहगढ़ साहिब के गांव खरोड़े में खेत की मोटर चालू करते समय 67 वर्षीय किसान जरनैल सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक है और परिवा ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
फतेहगढ़ साहिब में 67 वर्षीय किसान की करंट से मौत।
खेत में पानी की मोटर चलाते समय हुआ हादसा।
ग्रामीण और किसान नेता मुआवजे की कर रहे मांग।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब के गांव खरोड़े में खेतों में सिंचाई करते समय एक दर्दनाक हादसे में 67 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव खरोड़े निवासी जरनैल सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों और किसान नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है।
परिवार के सदस्य कुलविंदर सिंह ने बताया कि जरनैल सिंह शनिवार देर रात रोजाना की तरह अपने खेतों में फसलों को पानी लगाने के लिए गए थे। खेत में पहुंचने के बाद वह सिंचाई के लिए लगी पानी की मोटर चालू करने लगे। इसी दौरान अचानक मोटर में बिजली का तेज करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गए।
बताया गया कि करंट इतना तेज था कि उन्हें संभलने या खुद को बचाने का कोई मौका नहीं मिला। आसपास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए समय पर सहायता भी नहीं मिल सकी। कुछ समय बाद जब लोगों को घटना की जानकारी मिली और वे मौके पर पहुंचे, तब तक जरनैल सिंह की मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर में घर के बरामदे में सो रहे व्यक्ति की हत्या, सुबह भाभी उठाने पहुंची तो खून से लथपथ मिला शव
किसान नेताओं ने सरकार से मदद मांगी
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव में शोक का माहौल बन गया और लोगों ने मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया। स्थानीय किसान नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और सरकार से आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
खबरें और भी
ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में लगे बिजली के उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है। यदि मोटर या बिजली के तारों में किसी प्रकार की खराबी हो तो उसे समय रहते ठीक कराया जाना चाहिए, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में बढ़ी हलचल, वड़िंग के समर्थन में उतरे नेता; चन्नी खेमे की नाराजगी खत्म कराने की कवायद तेज
परिवार ने मुआवजे की रखी मांग
किसान संगठनों ने सरकार से मांग की है कि मृतक किसान के आश्रितों को शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सहायता उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि खेती पर निर्भर परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है।
इस घटना ने एक बार फिर खेतों में बिजली से जुड़े उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की आवश्यकता को सामने ला दिया है। ग्रामीणों ने किसानों से भी अपील की है कि मोटर या अन्य विद्युत उपकरणों को चलाने से पहले उनकी स्थिति की जांच अवश्य करें और किसी भी प्रकार की खराबी होने पर तुरंत बिजली विभाग या तकनीकी विशेषज्ञ की सहायता लें।