होशियारपुर में घर के बरामदे में सो रहे व्यक्ति की हत्या, सुबह भाभी उठाने पहुंची तो खून से लथपथ मिला शव
होशियारपुर में दसूहा के गांव थेपड़ा में बरामदे में सो रहे 52 वर्षीय गुरमेल सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह भाभी ने शव देखा। पुलिस पुराने ...और पढ़ें

जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच की शुरू।
HighLights
होशियारपुर के थेपड़ा गांव में व्यक्ति की हत्या।
बरामदे में सो रहे गुरमेल सिंह पर धारदार हमला।
पशुओं के चारे को लेकर विवाद की आशंका।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर। होशियारपुर के उपमंडल के गांव थेपड़ा में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर बरामदे में सो रहे 52 वर्षीय व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पहचान गुरमेल सिंह पुत्र निरंजन सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर ने धारदार हथियार से उसके मुंह पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दसूहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गुरमेल सिंह अपने बड़े भाई की मृत्यु के बाद परिवार के साथ ही रह रहा था। शनिवार रात रोजाना की तरह परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर कमरों में सो गए, जबकि गुरमेल सिंह घर के बरामदे में चारपाई पर सोया हुआ था।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में बढ़ी हलचल, वड़िंग के समर्थन में उतरे नेता; चन्नी खेमे की नाराजगी खत्म कराने की कवायद तेज
भाभी ने चारपाई से खून टपकते देखा
रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसकी भाभी परमजीत कौर उसे जगाने के लिए बरामदे में पहुंचीं। वहां चारपाई और बिस्तर खून से लथपथ देख उनके होश उड़ गए। गुरमेल सिंह के मुंह पर धारदार हथियार के कई गहरे घाव थे। उन्होंने शोर मचाया तो घर के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। इसके बाद परिवार को हत्या का पता चला।
मृतक के भतीजे अमनदीप सिंह ने गांव के मुखिया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मानसा में ट्राले और कार की टक्कर, दो दोस्तों की मौके पर मौत; तीसरा जिंदगी की जंग लड़ रहा
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
थाना प्रभारी दलजीत सिंह ने बताया कि सुबह करीब छह बजे आपातकालीन सेवा के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से एक दिन पहले पशुओं के लिए भूसे को लेकर गुरमेल सिंह की पड़ोसियों के साथ कहासुनी हुई थी। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी हत्या के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मामला दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।