फतेहगढ़ साहिब में बैंक एप चलाने में मदद का झांसा; ठगों ने आढ़ती व उसकी पत्नी के खातों से 25 लाख से अधिक उड़ाए
फतेहगढ़ साहिब में साइबर ठगों ने नेट बैंकिंग में मदद का झांसा देकर एक आढ़ती और उसकी पत्नी के खातों से 25 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। ठगों ने खुद को बै ...और पढ़ें

ठगों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए नेट बैंकिंग चलाने में मदद का झांसा दिया।
HighLights
नेट बैंकिंग मदद का झांसा देकर ठगी।
आढ़ती दंपति के 25 लाख रुपये से अधिक उड़े।
साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत, पुलिस जांच शुरू।
दीपक सूद, फतेहगढ़ साहिब। साइबर ठगों द्वारा लोगों को नेट बैंकिंग और मोबाइल एप के नाम पर ठगने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव नंदपुर कलौड़ से सामने आया है, जहां अज्ञात ठगों ने एक आढ़ती और उसकी पत्नी के बैंक खातों से 25 लाख रुपये से भी अधिक की रकम निकाल ली।
ठगों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए नेट बैंकिंग चलाने में मदद का झांसा दिया और इस वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार गांव नंदपुर कलौड़ निवासी रंजीत सिंह गांव में आढ़त की दुकान चलाता है। उसका पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा में खाता है, जिसमें नियमित लेनदेन होता रहता है। जून 2025 में वह अपनी पासबुक में एंट्री करवाने के लिए बैंक गया था।
वहां बैंक कर्मियों ने एंट्री की संख्या अधिक होने के कारण उसे नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी। रंजीत सिंह को नेट बैंकिंग की जानकारी नहीं थी, लेकिन बैंक से लौटकर उसने अपने मोबाइल फोन में पीएनबी की मोबाइल एप डाउनलोड कर ली।
यह भी पढ़ें- लुधियाना-अमृतसर में अपराध के खिलाफ 'ऑपरेशन प्रहार 2.0' का आगाज, डीसीपी के नेतृत्व में शहर के हॉटस्पॉट्स पर छापेमारी
बीते साल जून में आए थे अलग-अलग नंबरों से फोन
इसके कुछ ही समय बाद 28 जून 2025 को रंजीत सिंह के मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगे। कॉल करने वालों ने खुद को पीएनबी बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि वे उसे नेट बैंकिंग चलाने में मदद करेंगे। ठगों ने एप खुलवाकर पैसे जमा करने, निकालने और अन्य जानकारी देना शुरू कर दिया। इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए सेटिंग करवाने के बहाने उसकी एप को अपने फोन से अटैच कर लिया।
खबरें और भी
29 जून को रंजीत सिंह के मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से दो बार 1.95 लाख रुपये, कुल 3.90 लाख रुपये कट गए हैं। जब उसने संबंधित नंबर पर कॉल कर इस बारे में पूछा तो दूसरी ओर से जवाब दिया गया कि पैसे वापस आ जाएंगे। इसके बाद लगातार मैसेज आने लगे और उसके खाते से 4.14 लाख रुपये और निकल गए।
यह भी पढ़ें- पंजाब के मुक्तसर में आपरेशन प्रहार 2 के दौरान ड्यूटी निभाते समय हवलदार लखवीर सिंह की हार्ट अटैक से मौत
साइबर हेल्पलाइन पर फोन कर खाते फ्रीज करवाए
रंजीत सिंह ने बताया कि उसका और उसकी पत्नी दर्शन कौर का नंदपुर कलौड़ स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में भी खाते हैं, जो उसकी ई-मेल आईडी से जुड़े हुए थे। इन खातों से भी अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए लगभग 5 लाख रुपये निकाल लिए गए। इसके अलावा एक करंट खाते से 5.44 लाख रुपये और दूसरे करंट खाते से करीब 7.42 लाख रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने बिना अनुमति के पैसे निकलने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई और खातों को फ्रीज करवाया। थाना साइबर क्राइम के प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसआई गुरचरण सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल पर बैंक से संबंधित जानकारी साझा न करें।