सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी पर FIR, पहली पत्नी ने लगाए दहेज और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी और उनकी माता के खिलाफ पहली पत्नी की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न, स्त्री धन हड़पने और मानसिक प्रताड़ना के ...और पढ़ें

बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी।
HighLights
बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी और मां पर FIR दर्ज।
पहली पत्नी ने लगाए दहेज उत्पीड़न, प्रताड़ना के आरोप।
पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। सोशल मीडिया पर सक्रिय और चर्चित बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी तथा उनकी माता गुरमीत कौर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, स्त्री धन हड़पने और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों में थाना फतेहगढ़ साहिब में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुरविंदर सिंह की पहली पत्नी की शिकायत, डीएसपी स्तर की जांच और जिला पुलिस प्रमुख के आदेश के बाद की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह सात नवंबर 2023 को संगरूर जिले के गांव खेड़ी जट्टां निवासी गुरविंदर सिंह के साथ हुआ था। शिकायत में कहा गया है कि विवाह के दौरान उसके मायके पक्ष ने अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च करते हुए विवाह समारोह, सोने के आभूषण, मिलनी और अन्य रस्मों की सभी व्यवस्थाएं की थीं।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष ने उससे अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। जब मांग पूरी नहीं हुई तो उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उसे घर से निकाल दिया गया।
यह भी पढ़ें- नवंबर में बजनी थी शहनाई, उससे पहले सीमा पर हादसे में शहीद हुआ पंजाब का जवान, गिद्दड़बाहा के गांव में मातम
आभूषण व कीमती सामान नहीं लौटाने के आरोप
शिकायत में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष ने उसकी सहमति के बिना उसका पूरा स्त्री धन, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान अपने पास रख लिया, जिसे अब तक वापस नहीं किया गया है।
खबरें और भी
इसके अलावा पीड़िता ने आरोप लगाया कि गुरविंदर सिंह खेड़ी सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार उसे और उसकी माता को बदनाम कर रहा है। इससे उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल पक्ष की मंशा उसे दोबारा अपने घर में रखने की नहीं है और सभी आरोपी आपस में मिलकर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब में वाहन चलाने वाले नाबालिग रहें सावधान! अब माता-पिता पर होगी कार्रवाई, सरकार ने किया सख्त एलान
शिकायत के बाद हुई जांच
थाना फतेहगढ़ साहिब के प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर जिला पुलिस प्रमुख के निर्देश पर गुरविंदर सिंह खेड़ी और उनकी माता गुरमीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अब मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।