निगम चुनाव से पहले अबोहर में तनाव, अकाली नेता की कार तोड़ी; समर्थकों ने थाने में किया हंगामा
अबोहर में नगर निगम चुनाव की रात अकाली नेता दीप कंबोज की कार पर कथित हमला किया गया। आरोप है कि हथियारबंद लोगों ने वाहन घेरकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद अ ...और पढ़ें

अकाली नेता की कार का क्षतिग्रस्त शीशा।
HighLights
अबोहर में अकाली नेता दीप कंबोज की कार पर हमला।
निगम चुनाव से पहले राजनीतिक तनाव, समर्थकों का प्रदर्शन।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
जागरण संवाददाता, अबोहर। अबोहर में नगर निगम चुनाव के बीच राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब अकाली दल के नेता दीप कंबोज की कार पर कथित हमले का मामला सामने आया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए यह हमला करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना हनुमानगढ़ रोड स्थित बजाज मोटर्स के पास हुई। अकाली नेता दीप कंबोज ने आरोप लगाया कि वह रात के समय अपनी कार से जा रहे थे। इसी दौरान कई गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद लोगों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया।
दीप कंबोज के मुताबिक हमलावरों ने उनकी कार पर हमला कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी और उन्हें अपनी जान बचाने के लिए वहां से तेजी से वाहन निकालकर भागना पड़ा। घटना के बाद उन्होंने तुरंत पार्टी नेताओं और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- पंजाब निकाय चुनाव 2026: आज 7555 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला, सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू
समर्थक सिटी वन थाने में हुए एकत्रित
मामले की सूचना मिलते ही अकाली दल के कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। हलका इंचार्ज हरविंदर सिंह हरि के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समर्थक थाना सिटी वन पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और आरोप लगाया कि चुनावी माहौल में अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश की जा रही है।
खबरें और भी
अकाली नेताओं का कहना है कि हाल ही में पार्टी में शामिल हुए दीप कंबोज को जानबूझकर निशाना बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले राजनीतिक दबाव बनाने और कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के उद्देश्य से इस तरह की घटनाएं करवाई जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- Punjab Weather: 2 दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, 45 डिग्री के करीब पहुंचा अधिकतम तापमान; जानें कब मिलेगी राहत
पुलिस ने जांच की शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी आसवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि दीप कंबोज अपनी क्षतिग्रस्त कार लेकर थाने पहुंचे थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने अबोहर की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और चुनावी माहौल और अधिक तनावपूर्ण बनता दिखाई दे रहा है।