जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 24 मई 2026 को की गई। थाना सदर जलालाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक जुगराज सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गट्टी बीसोके चौकी पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों की ओर से सूचना दी गई कि गांव प्रभात सिंह वाला हिठाड़ में सीमा से लगे खेतों में एक संदिग्ध बंडल दिखाई दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। साथ ही जलालाबाद उपमंडल के पुलिस उपाधीक्षक गुरसेवक सिंह को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में चुनावी रंजिश में ‘आप’ समर्थक की कनपटी पर विरोधी ने तानी पिस्टल, लाइसेंसी रिवाल्वर छीनकर आरोपी फरार
खेत से 20 पैकेट हुए बरामद
तलाशी के दौरान खेतों से 20 पैकेट बरामद किए गए। जब इन पैकेटों की जांच की गई तो उनमें से कुल 10 किलो 950 ग्राम हेरोइन निकली। इतनी बड़ी मात्रा में नशा मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन या किसी अन्य माध्यम से सीमा पार भेजी गई हो सकती है।
यह भी पढ़ें- 11 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, पंजाब में 105 रुपए के पार पहुंचा; लोगों की बढ़ी चिंता
लिंक खंगालने में जुटी पुलिस
सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि यह खेप किस तस्कर गिरोह के लिए भेजी गई थी और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने इलाके में कई स्थानों पर जांच अभियान तेज कर दिया है।
पंजाब में पिछले कुछ समय से सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे और हथियार भेजने के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह चुनौती लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि पुलिस और सीमा सुरक्षा बल का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर पंजाब में नशे के नेटवर्क को मजबूत नहीं होने दिया जाएगा।