Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुनील जाखड़ ने लगाए पंजाब सरकार पर लापरवाही के आरोप, बोले- जहरीले नहरी पानी से बीमार हो रहे लोग

    Updated: Sun, 10 May 2026 04:01 PM (IST)

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मालवा क्षेत्र में नहरों में आ रहे जहरीले पानी और सेम नालों की सफाई न होने के लिए मान सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन ...और पढ़ें

    पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़।

    पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़।

    HighLights

    1. नहरों में जहरीला पानी, सीवरेज मिश्रण से स्वास्थ्य पर असर।

    2. सेम नालों की सफाई न होने से बाढ़, किन्नू बाग बर्बाद।

    3. जाखड़ ने सीएम मान से जनता की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा।

    जागरण संवाददाता, अबोहर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मालवा क्षेत्र में नहरों के जरिए सप्लाई हो रहे जहरीले पानी और सेम नालों की खराब स्थिति को लेकर पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को अबोहर क्षेत्र में नहरों और सेम नालों का दौरा करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि वह भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने की बजाय जनता की समस्याओं की ओर ध्यान दें।

    सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि नहरों में लगातार जहरीला और काला पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पानी बदबूदार है और इसमें सीवरेज का पानी मिला हुआ है। यह न केवल इंसानों बल्कि पशु-पक्षियों और खेती के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो रहा है।

    यह भी पढ़ें- फरीदकोट पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन', दो अलग-अलग मामलों में 3 नशा तस्कर गिरफ्तार; हेरोइन और ड्रग मनी बरामद

    एक महीने से बह रहा गंदा पानी

    उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से अधिक समय से नहरों में ऐसा पानी बह रहा है, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। भाजपा नेता ने दावा किया कि सरकार के अपने विभाग ने इस पानी को प्रदूषित मानते हुए इसे वाटर वर्क्स में डालने से मना कर दिया है। इसके कारण गांवों में पीने के पानी का संकट गहरा गया है।

    सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री केंद्र सरकार की सहायता से खालों को पक्का करने और टेल तक पानी पहुंचाने के दावे तो कर रहे हैं, लेकिन नहरों में आ रहे जहरीले पानी की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जहरीले पानी के कारण जल स्रोतों में मछलियां मर रही हैं और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- नाड़ जलाने वालों पर प्रशासन सख्त, महिला सहित 19 लोगों पर दर्ज हुए मामले; सैटेलाइट निगरानी से हुई पहचान

    नालों की समय पर नहीं हुई सफाई

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सेम नालों की सफाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इन नालों की सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण बरसात के दौरान बाढ़ जैसे हालात बनते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नालों को सेम की समस्या खत्म करने के लिए बनाया गया था, वही अब सफाई न होने के कारण सेम फैलाने का कारण बन रहे हैं।

    सुनील जाखड़ ने कहा कि फाजिल्का जिले में फसली विविधता के प्रतीक माने जाने वाले हजारों एकड़ किन्नू के बाग इस समस्या के कारण बर्बाद हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद लगातार किन्नू के बाग उखाड़े जा रहे हैं और किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं।

    बरसात में हालात गंभीर हो सकते हैं

    उन्होंने सरकार से तुरंत सेम नालों की सफाई करवाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि बरसात से पहले सफाई नहीं करवाई गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। इस दौरान उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद यदि जनता भाजपा को मौका देती है तो इन समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।

    इस मौके पर विधायक संदीप जाखड़ भी मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब के किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

    यह भी पढ़ें- संजीव अरोड़ा गिरफ्तारी पर बठिंडा में भिड़े भाजपा और आप कार्यकर्ता, BJP कार्यालय के बाहर माहौल बना तनावपूर्ण