Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान सरहद के पास खुदाई में निकला शेल, सूचना मिलते ही सेना पहुंची; इलाका करवाया गया खाली

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 05:25 PM (IST)

    फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव झुगे हजारा सिंह वाला में खेत की खुदाई के दौरान पुराना शेल मिला। सूचना पर सेना का बम निरोधक दस्ता और पुलिस मौके पर पहुंचे। श ...और पढ़ें

    खुदाई के दौरान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय के पास गांव के खेत से निकला शेल।

    खुदाई के दौरान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय के पास गांव के खेत से निकला शेल।

    HighLights

    1. फिरोजपुर में खेत की खुदाई में मिला पुराना शेल।

    2. सेना के बम निरोधक दस्ते ने शेल को कब्जे में लिया।

    3. भारत-पाक सीमावर्ती क्षेत्र में अक्सर मिलते हैं ऐसे अवशेष।

    संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। फिरोजपुर जिले के भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव झुगे हजारा सिंह वाला में सोमवार को खेत की खुदाई के दौरान पुराना शेल मिलने से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। खेत में जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य चल रहा था, तभी मजदूरों को मिट्टी के भीतर बम जैसी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तुरंत खेत मालिक को दी गई, जिसके बाद सेना और पुलिस को जानकारी दी गई।

    सूचना मिलते ही सेना का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आसपास के इलाके की जांच की गई। इसके बाद बरामद शेल को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

    यह भी पढ़ें- फरीदकोट में घर में अकेली दिव्यांग महिला की तेजधार हथियार से हत्या; स्कूल से लौटे पति ने खोला दरवाजा तो उड़े होश

    बम दिखते ही रोका गया काम

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत में सामान्य रूप से खुदाई का कार्य चल रहा था। मजदूरों को जैसे ही जमीन के भीतर धातु जैसी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, उन्होंने तुरंत काम रोक दिया और बिना किसी जोखिम के खेत मालिक को इसकी जानकारी दी। समय रहते सतर्कता बरतने के कारण किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पुराना शेल प्रतीत हो रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्यालय शाखा के अधिकारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पहले भी समय-समय पर इस तरह के पुराने शेल और अन्य सैन्य सामग्री मिलती रही है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां हर मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करती हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- पंजाब के निजी स्कूलों पर सख्ती, पहली बार 50 हजार तो दूसरी बार 1 लाख जुर्माना; तीसरी गलती पर मान्यता रद

    सेना ने बम हटाकर कब्जे में लिया

    सेना के बम निरोधक दस्ते ने बरामद शेल को सुरक्षित तरीके से हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है। अब इसकी तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह कितने समय पुराना है और किस प्रकार का शेल है।

    सीमावर्ती क्षेत्रों में वर्षों पुराने युद्धकालीन अवशेष समय-समय पर खेतों या अन्य स्थानों से मिलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है। बरामद शेल को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक जांच शुरू कर दी गई है। 

    यह भी पढ़ें- 14 गांवों का राजस्व रिकॉर्ड गायब, करोड़ों की कीरतपुर साहिब-नंगल फोरलेन परियोजना अटकी; भूमि अधिग्रहण पर लगा ब्रेक