पंजाब के सरहदी गांव में स्मार्ट मीटर बना आफत, चिप हो रहीं गायब; ड्रोन तस्करी के लिए प्रयोग की आशंका
फिरोजपुर के सीमा गांव टेंडीवाला में स्मार्ट मीटर की चिप चोरी का मामला सामने आया है। ड्रोन के जरिए तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और बिजली विभाग ...और पढ़ें

मीटर से चिप चोरी होने की जानकारी देते हुए गांववासी।
HighLights
फिरोजपुर के टेंडीवाला गांव में स्मार्ट मीटर से चिप चोरी।
चोरी हुई चिप्स का ड्रोन तस्करी में उपयोग की आशंका।
पुलिस और बिजली विभाग ने मामले की जांच शुरू की।
तरुण जैन, फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले के अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव टेंडीवाला में तस्करी के तरीकों में बदलाव का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्मार्ट बिजली मीटरों में लगी चिप को निशाना बनाकर चोरी किए जाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
आशंका जताई जा रही है कि तस्कर इन चिप्स का उपयोग लोकेशन जानने और ड्रोन के जरिए तस्करी को अंजाम देने के लिए कर सकते हैं। गांव निवासी मुख्तियार सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने स्मार्ट मीटर की चिप को सुरक्षित रखने के संबंध में चेतावनी जारी की थी।
सके बावजूद अगले ही दिन गांव में लगे दो स्मार्ट मीटरों के डिब्बों की सील तोड़कर चिप निकाल ली गई। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- गिद्दड़बाहा में नशे का कहर, हफ्ते में तीसरी मौत; पिता बोला- डेढ़ साल में गवां बैठा दो बेटे
सरहद से महज 1 किमी दूर बसा गांव
ग्रामीणों के अनुसार गांव अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और पास में सीमा सुरक्षा बल की चौकी भी मौजूद है। इसके अलावा सतलुज नदी गांव के निकट से बहती है, जिसका पहले भी तस्करी के लिए इस्तेमाल होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में चिप चोरी और हाल के दिनों में बढ़ी ड्रोन गतिविधियों ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
गांव के जगतार सिंह और दर्शन सिंह ने कहा कि अगर इन चिप्स का गलत इस्तेमाल होता है तो निर्दोष लोगों को भी जांच के दौरान परेशानी झेलनी पड़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- सात सांसदों के इस्तीफे के बाद CM मान ने खोला मोर्चा, राष्ट्रपति से मांगा समय; क्या है AAP का प्लान?
पुलिस ने जांच की शुरू
बिजली विभाग के एक तकनीकी अधिकारी ने बताया कि स्मार्ट मीटर की चिप से केवल मीटर की स्थिति और बिजली खपत से जुड़ी जानकारी ही प्राप्त होती है। ऐसे में बाहरी लोगों द्वारा इसका किस प्रकार इस्तेमाल किया जा सकता है, यह जांच का विषय है। उधर, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
बिजली विभाग की तकनीकी टीम हुई एक्टिव
बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी अपनी तकनीकी टीम को जांच के निर्देश दिए हैं और पुलिस को लिखित जानकारी भेज दी गई है। गौरतलब है कि अप्रैल महीने के दौरान जिले में ड्रोन गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं। ऐसे में स्मार्ट मीटर की चिप चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।