बटाला में घर पर आधी रात चली गोलियां, 7 राउंड हुए फायर; दहशत फैलाने की नीयत से हुआ हमला
बटाला के निकट गांव बल्ल में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने डेरे के घर पर सात राउंड फायरिंग की। परिवार सुरक्षित रहा। पुलिस ने छह खोखे बरामद कर मामला दर्ज ...और पढ़ें

घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित।
HighLights
बटाला के गांव बल्ल में घर पर फायरिंग।
अज्ञात हमलावरों ने सात राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, बटाला। गुरदासपुर के बटाला स्थित गांव बल्ल में मंगलवार देर रात अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने गांव के बाहरी क्षेत्र में बने घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों ने करीब सात राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में मौजूद किसी भी व्यक्ति को गोली नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि फायरिंग में घर का मुख्य गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मौके से छह खाली खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
यह भी पढ़ें- पारिवारिक विवाद ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, जहरीला पदार्थ खाने से पिता-बेटी की मौत; मां-बेटे की हालत गंभीर

गेट पर लगी गोलियां।
फिरौती के लिए नहीं आया कोई फोन
पीड़ित कवलजीत सिंह ने बताया कि उसे अब तक किसी भी तरह की फिरौती की मांग या धमकी भरा फोन नहीं मिला है। उसने कहा कि उसकी किसी से ऐसी कोई दुश्मनी भी नहीं है, जिससे इस तरह की वारदात को अंजाम दिया जाए। हालांकि उसने आशंका जताई कि एक व्यक्ति, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, अक्सर उसका नाम बेवजह विवादों में घसीटता रहता है। उसे शक है कि उसी व्यक्ति ने इस हमले की साजिश रची हो सकती है।
कवलजीत सिंह ने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। घटना के कुछ ही मिनटों के भीतर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की है, ताकि हमलावरों के आने-जाने के संबंध में कोई सुराग मिल सके।
खबरें और भी
पुलिस ने खोल किए बरामद
थाना सदर के प्रभारी विक्रमजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घर के मुख्य गेट पर करीब सात गोलियों के निशान मिले हैं। मौके से छह खोल भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच में फिरौती या धमकी से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- जालंधर के वरदान अस्पताल फायरिंग का मास्टरमाइंड अरेस्ट, पुलिस के साथ मुठभेड़ में पैर पर लगी गोली
सबूत जुटाने में लगी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।