ऑस्ट्रेलिया में दर्दनाक हादसा, पंजाब के युवक की सिडनी हाईवे पर मौत; पिता से आखिरी बात के बाद घटी घटना
आस्ट्रेलिया में ट्राला चलाने वाले बटाला के गांव वैरोनंगल निवासी सुखजिंदर सिंह की सिडनी हाईवे पर तेल टैंकर से टक्कर के बाद मौत हो गई। हादसे से कुछ देर ...और पढ़ें

मृतक युवक की फाइल फोटो।
HighLights
पंजाब के सुखजिंदर सिंह की ऑस्ट्रेलिया में सड़क हादसे में मौत।
सिडनी हाईवे पर ट्राला चलाते समय तेल टैंकर से भीषण टक्कर।
हादसे से कुछ देर पहले पिता से हुई थी आखिरी बातचीत।
जागरण संवाददाता, बटाला। रोजी-रोटी की तलाश में आठ वर्ष पहले आस्ट्रेलिया गए पंजाब के एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बटाला के गांव वैरोनंगल निवासी सुखजिंदर सिंह की सिडनी हाईवे पर ट्राला चलाते समय खड़े तेल टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जोरदार धमाका हुआ और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखजिंदर सिंह, वसन सिंह के पुत्र थे और करीब आठ वर्ष पहले बेहतर भविष्य तथा परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से आस्ट्रेलिया गए थे। वहां वह ट्राला चालक के रूप में कार्य कर रहे थे और नियमित रूप से अपने परिवार के संपर्क में रहते थे।
यह भी पढ़ें- पंजाब को मिली 6 नेशनल स्कूल गेम्स की मेजबानी, लुधियाना में देशभर के खिलाड़ी दिखाएंगे दम; शेड्यूल जारी
मौके पर ही दम तोड़ा
बताया जा रहा है कि घटना करीब तीन दिन पहले हुई। सुखजिंदर सिंह अपने ट्राले के साथ सिडनी हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनका ट्राला सड़क किनारे खड़े एक तेल टैंकर से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद तेज धमाका हुआ और हादसा इतना भीषण था कि सुखजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
हादसे की जानकारी सबसे पहले सुखजिंदर सिंह के साथ रहने वाले दोस्तों ने उनके परिजनों को फोन पर दी। जैसे ही परिवार को इस दुखद घटना का पता चला, घर में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी यह खबर तेजी से फैल गई और शोक का माहौल बन गया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मोहाली में तेज रफ्तार Thar का कहर, बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर; एक की मौत और दूसरा गंभीर
पिता से हुई आखिरी बातचीत
परिवार के लिए सबसे भावुक करने वाली बात यह रही कि हादसे से कुछ ही देर पहले सुखजिंदर सिंह की अपने पिता वसन सिंह से फोन पर बातचीत हुई थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह पिता-पुत्र की आखिरी बातचीत साबित होगी। कुछ ही समय बाद उनके निधन की सूचना पहुंची, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
परिजनों की हालत इतनी खराब है कि वे फिलहाल किसी से बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं। रिश्तेदार और गांव के लोग लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। सभी की आंखें नम हैं और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।
बताया जा रहा है कि अब परिवार सुखजिंदर सिंह का पार्थिव शरीर पंजाब लाने की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। इसके लिए आस्ट्रेलिया में रहने वाले रिश्तेदारों, दोस्तों और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। गांव के लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। सुखजिंदर सिंह की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।