Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    FBI की जांच के बाद पंजाब पुलिस का एक्शन, NRI परिवार से रिश्वत मांगने वाला SHO गिरफ्तार; रिमांड में खुलेंगे राज

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 01:13 PM (IST)

    हत्या मामले में अमेरिका में रह रहे परिवार से 16 लाख रुपये की अवैध रिश्वत लेने और उगाही के आरोप में निलंबित एसएचओ गुरिंद्रजीत सिंह नागरा को गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

    निलंबित थाना प्रभारी गुरिंद्रजीत सिंह नागरा।

    निलंबित थाना प्रभारी गुरिंद्रजीत सिंह नागरा।

    HighLights

    1. निलंबित SHO नागरा 4 लाख डॉलर रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार।

    2. अमेरिकी परिवार से हत्या के मामले में मांगी थी रिश्वत।

    3. FBI की जांच के बाद पंजाब पुलिस ने की कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, होशियारपुर। हत्या के एक मामले में अमेरिका में रह रहे परिवार से अवैध रिश्वत लेने और उगाही करने के आरोपों में घिरे निलंबित थाना प्रभारी गुरिंद्रजीत सिंह नागरा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार और उगाही से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।

    अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि पूरे मामले और उससे जुड़े संभावित नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। जालंधर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मीडिया में सामने आए गंभीर आरोपों के बाद गुरिंद्रजीत सिंह नागरा को तत्काल प्रभाव से थाना टांडा के प्रभारी पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया था।

    साथ ही हत्या के मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए जांच किसी अन्य जिले के पुलिस अधिकारी को सौंप दी गई थी।

    यह भी पढ़ें- पंजाब में रिटायर्ड कर्मचारियों को राहत, हाई कोर्ट ने जिला बोर्ड की सेवा को पेंशन में जोड़ने का आदेश बरकरार रखा

    परिवार से मांगे थे 16 लाख

    पुलिस के अनुसार जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, वित्तीय लेनदेन, गवाहों के बयानों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों की गहन पड़ताल की गई। इस जांच में सामने आया कि गुरिंद्रजीत सिंह नागरा ने अमेरिका में रह रहे एक परिवार से 16 लाख रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की थी और यह राशि स्वीकार भी की थी।

    जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद थाना टांडा में दर्ज प्राथमिकी संख्या 20, दिनांक 16 जनवरी 2026 में आरोपी थाना प्रभारी को नामजद कर लिया गया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून की संबंधित धाराओं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 के तहत कार्रवाई की गई। इसके बाद 17 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

    खबरें और भी

    रिमांड में खुलेंगे राज

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को संबंधित अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे, रिश्वत की रकम का उपयोग कहां हुआ और क्या इस तरह की घटनाओं में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका रही है।

    पंजाब पुलिस ने आरोपी अधिकारी को पहले ही निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। विभागीय स्तर पर सेवा नियमों के तहत अलग से जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

    यह भी पढ़ें- बठिंडा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 8 चौकी इंचार्ज बदले; तीन अधिकारियों को पुलिस लाइन भेजा

    सबूत जुटाने में जुटी पुलिस

    पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और लगातार नए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार इस पूरे प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि किसी भी दोषी को कानून से बचने का अवसर न मिले।

    पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के मामलों में सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति लागू है। यदि कोई अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग करता है तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे भी जांच के आधार पर नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस अधिकारी बन किया फोन, 35 लाख रुपये गंवा बैठा बठिंडा का कारोबारी; आधार कार्ड के नाम पर बिछाया जाल