रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास तैयारी, छुट्टी वाले दिन भी मिलेगी बुकिंग और आधार सेवा
रक्षाबंधन के मद्देनजर 15 जुलाई से 28 अगस्त तक गुरदासपुर डिवीजन के चयनित डाकघर रविवार और सरकारी छुट्टियों में भी खुले रहेंगे। यहां राखी बुकिंग के साथ आ ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
चयनित डाकघर रविवार और सरकारी छुट्टियों में भी खुले रहेंगे।
राखी, पार्सल बुकिंग के साथ आधार सेवा भी उपलब्ध।
जलरोधक लिफाफे और राखी बॉक्स भी उपलब्ध कराए गए।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए डाक विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। त्योहार के दौरान राखी और अन्य डाक सामग्री की समय पर बुकिंग और वितरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चयनित डाकघरों को रविवार और सरकारी छुट्टियों में भी खुला रखने का फैसला किया गया है। इस अवधि में लोगों को डाक सेवाओं के साथ आधार नामांकन और आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गुरदासपुर डिवीजन के वरिष्ठ डाक अधीक्षक चरणजीत सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर डाकघरों में हर वर्ष पार्सलों और राखियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने विशेष प्रबंध किए हैं, ताकि लोगों को बुकिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि इस विशेष व्यवस्था के तहत गुरदासपुर प्रधान डाकघर, बटाला प्रधान डाकघर, पठानकोट उप डाकघर, दीनानगर उप डाकघर, कादियां उप डाकघर, धारीवाल उप डाकघर और फतेहगढ़ चूड़ियां उप डाकघर रविवार और सरकारी अवकाश के दिन भी सुबह नौ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक खुले रहेंगे।
यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में सूआ के ओवरफ्लो ने उजाड़ी किसान की मेहनत, खेतों में घुसा पानी; फसल बर्बाद
आधार नामांकन व अपडेट की सुविधा भी मिलेगी
इन डाकघरों के एमपीसीएम काउंटरों पर राखी, पार्सल और अन्य डाक सामग्री की बुकिंग के साथ-साथ आधार नामांकन और आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। विभाग का उद्देश्य है कि त्योहार के दौरान लोगों को एक ही स्थान पर अधिकतम सेवाएं मिल सकें।
खबरें और भी
वरिष्ठ डाक अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि वे अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय अपनी राखियां और पार्सल पहले ही बुक करा दें, ताकि देश के किसी भी हिस्से में समय पर उनकी डिलीवरी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि समय से पहले बुकिंग कराने से अंतिम दिनों की भीड़ से भी बचा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- एक्टर सोनू सूद ने 'छत आपकी-जिम्मेदारी हमारी' अभियान से बाढ़ पीड़ितों को दी राहत, 180 परिवारों को मिला पक्का घर
डाकघरों में किए गए विशेष प्रबंध
उन्होंने यह भी बताया कि गुरदासपुर डिवीजन के सभी डाकघरों में रक्षाबंधन के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए जलरोधक लिफाफे और राखी बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे राखियां सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
डाक विभाग ने भरोसा दिलाया है कि रक्षाबंधन के व्यस्त मौसम को देखते हुए चयनित डाकघरों में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक ग्राहक को तेज, सुचारु और परेशानी मुक्त सेवा मिले तथा त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।