Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब के श्रद्धालु की मणिमहेश यात्रा में दर्दनाक मौत, चलती गाड़ी पर गिरा विशाल पत्थर; चार साथी सुरक्षित बचे

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 12:41 PM (IST)

    पंजाब के होशियारपुर निवासी माखन सिंह की मणिमहेश यात्रा के दौरान पत्थर गिरने से मौत हो गई। उनके साथ यात्रा कर रहे चार अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। ...और पढ़ें

    पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त थार कार।

    पत्थर गिरने से क्षतिग्रस्त थार कार।

    HighLights

    1. होशियारपुर श्रद्धालु की मणिमहेश यात्रा में दर्दनाक मौत।

    2. चंबा-भरमौर मार्ग पर चलती गाड़ी पर पत्थर गिरा।

    3. चार साथी सुरक्षित बचे, पुलिस ने जांच शुरू की।

    जागरण संवाददाता, होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले के एक श्रद्धालु की मणिमहेश यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बुधवार तड़के चंबा-भरमौर मार्ग पर बग्गा के पास उनकी गाड़ी पर पहाड़ी से एक विशाल पत्थर आ गिरा। हादसे में होशियारपुर निवासी माखन सिंह की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे पंजाब के चार अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए।

    घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय माखन सिंह पुत्र शरवन सिंह निवासी गांव मलियां, डाकघर गढ़दीवाल, तहसील गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि माखन सिंह अपने साथियों के साथ मणिमहेश यात्रा के लिए निकले थे।

    बुधवार तड़के करीब तीन बजे उनकी गाड़ी चंबा-भरमौर मार्ग पर बग्गा के पास पहुंची ही थी कि अचानक पहाड़ी से एक भारी पत्थर टूटकर सीधे गाड़ी के सनरूफ पर आ गिरा।

    यह भी पढ़ें- अमृतसर में चन्नी के खिलाफ लगे पोस्टरों से मचा सियासी बवाल, कांग्रेस की अंदरूनी कलह फिर आई खुलकर सामने

    गाड़ी बुरी तरह हुई क्षतिग्रस्त

    पत्थर की जोरदार टक्कर से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सनरूफ टूटने के कारण माखन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गाड़ी में सवार अन्य चार श्रद्धालुओं की जान बच गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात भी बहाल कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- LIVE: पंजाब विधानसभा सत्र का तीसरा दिन, संशोधन विधेयक पर हंगामा, गनीव मजीठिया की टिप्पणियां हटीं

    शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

    अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

    लगातार हो रही बारिश के कारण हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बड़ी संख्या में पंजाब से श्रद्धालु हर वर्ष मणिमहेश यात्रा के लिए जाते हैं। ऐसे में प्रशासन ने विशेष रूप से पंजाब से यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें, संवेदनशील स्थानों पर वाहन न रोकें और प्रशासन की चेतावनियों का पूरी तरह पालन करें।

    यह भी पढ़ें- पंजाब: गुरदासपुर के दो स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद पुलिस अलर्ट; मौके पर पहुंची डॉग स्क्वाड