होशियारपुर में दिनदहाड़े घर में घुसे लुटेरे, महिला को धमकाकर लूटे सोने के गहने; पुलिस जांच में जुटी
होशियारपुर में दिनदहाड़े दो लुटेरे घर में घुसकर अकेली महिला को धमकाते हुए सोने की अंगूठियां और बालियां लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटी ...और पढ़ें

घटना के बाद पहुंची पुलिस जांच करते हुए।
HighLights
दो बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को लूटा।
तेजधार हथियार दिखाकर सोने की अंगूठियां, बालियां छीनीं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, गश्त बढ़ाई गई।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर। होशियारपुर के शिवालिक एन्क्लेव इलाके में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। दो बदमाश एक घर में घुस गए और घर में अकेली मौजूद महिला को तेजधार हथियार दिखाकर डराया-धमकाया। इसके बाद आरोपित महिला के हाथों में पहनी सोने की दो अंगूठियां और कानों की सोने की बालियां लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित महिला ललिता वर्मा ने बताया कि घटना के समय वह घर में अकेली थीं और घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर का मुख्य गेट फांदकर अंदर घुस आए। महिला के अनुसार आरोपितों ने तेजधार हथियार के बल पर उन्हें डराया और हमला करने की कोशिश भी की। बदमाशों ने उनके हाथों में पहनी दो सोने की अंगूठियां और कानों की बालियां उतरवा लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में सूआ के ओवरफ्लो ने उजाड़ी किसान की मेहनत, खेतों में घुसा पानी; फसल बर्बाद
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र की पूर्व पार्षद रजनी डडवाल और उनके पति रमेश डडवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर आरोपितों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पूर्व पार्षद रजनी डडवाल ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस को दिन और रात दोनों समय गश्त बढ़ानी चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- एक्टर सोनू सूद ने 'छत आपकी-जिम्मेदारी हमारी' अभियान से बाढ़ पीड़ितों को दी राहत, 180 परिवारों को मिला पक्का घर
पुलिस ने इलाके में बढ़ाई गश्त
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने भी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
यह भी पढ़ें- पठानकोट से पंजाब में दाखिल हुआ मानसून, अगले 4 दिन पूरे प्रदेश में बारिश के आसार; गर्मी से मिलेगी राहत