पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। विस्फोट स्थल से कुछ संदिग्ध पदार्थ भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे निगरानी कैमरों के दृश्य भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपितों तक पहुंचा जा सके।
उन्होंने कहा कि पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण नतीजे तक पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार जांच दल लगातार काम कर रहे हैं और हर छोटी-बड़ी जानकारी को गंभीरता से परखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- अमेरिका भेजने के नाम पर युवक से 47 लाख की ठगी, एक साल जेल काटकर लौटा पीड़ित; तीन पर मामला दर्ज
जालंधर में बढ़ाई गई सुरक्षा
मंगलवार को बीएसएफ मुख्यालय के बाहर हुए विस्फोट के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया। विस्फोट के कारणों को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में मां ने दो मासूम बेटों संग काली बेईं में लगाई छलांग, बच्चों की मौत
पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस आयुक्त ने ज्यादा तकनीकी जानकारी साझा करने से परहेज किया, लेकिन उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, विस्फोट के बाद शहर में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।