कोर्ट केस का झांसा देकर जालंधर में साइबर ठगी; महिला के खाते से 23 हजार उड़े
जालंधर में पुलिस केस की सुनवाई जल्द कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक महिला से 23 हजार रुपये ठग लिए। फर्जी लिंक पर निजी जानकारी भरते ही रकम खाते से ...और पढ़ें

दहेज मामले की सुनवाई में देरी से परेशान महिला को निशाना बनाया गया।
HighLights
जालंधर में कोर्ट केस के बहाने साइबर ठगी का नया तरीका।
महिला ने बेटी के दहेज मामले में 23 हजार रुपये गंवाए।
पुलिस ने अज्ञात लिंक्स पर क्लिक न करने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के जालंधर शहर में साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला बांबे कालोनी के पास रहने वाली एक महिला से जुड़ा है, जिसे पुलिस केस में जल्द सुनवाई कराने का झांसा देकर 23 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। मामला सामने आने के बाद साइबर क्राइम सेल ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला की बेटी के साथ दहेज प्रताड़ना का मामला अदालत में विचाराधीन है। लंबे समय से सुनवाई में देरी होने के कारण महिला मानसिक रूप से परेशान थी और जल्द न्याय चाहती थी। इसी दौरान इंटरनेट मीडिया पर उसे एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि यदि किसी पुलिस या कोर्ट केस में सुनवाई नहीं हो रही है तो दिए गए लिंक पर क्लिक करें और समाधान पाएं।
न्याय की उम्मीद में महिला ने बिना सत्यापन किए लिंक पर क्लिक कर दिया। लिंक खुलने पर उससे निजी और बैंक संबंधी जानकारी मांगी गई। महिला ने भरोसा करते हुए विवरण भर दिया। कुछ ही मिनटों में उसके मोबाइल पर 23 हजार रुपये खाते से कटने का संदेश आ गया। ठगी का अहसास होने पर उसने तुरंत पुलिस को शिकायत दी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कटड़ा एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, पंजाब के दो युवकों की दर्दनाक मौत

कई और भी हुए ठगी के शिकार
ऐसे ही मामलों में अन्य लोग भी ठगी का शिकार हुए हैं। मकसूदां निवासी मदन, जिनका प्रॉपर्टी विवाद अदालत में चल रहा है, को मैसेज मिला कि उनकी अगली तारीख बदल गई है। नई तारीख जानने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया। लिंक खोलते ही उनके खाते से 15 हजार रुपये निकल गए।
खबरें और भी
इसी तरह लोहे का सामान खरीदने-बेचने वाले रोहित को एफआइआर डाउनलोड करने के नाम पर लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करते ही हजारों रुपये खाते से कट गए।
यह भी पढ़ें- ' चार करोड़ नहीं दिए तो राणा बलाचौरिया जैसा हाल करेंगे'; मोहाली में बिल्डर को रंगदारी के लिए धमकी
अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें
मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। कोई भी सरकारी विभाग, पुलिस या अदालत सीधे लिंक भेजकर बैंक विवरण या ओटीपी नहीं मांगती। यदि ऐसा कोई संदेश मिले तो तुरंत साइबर क्राइम सेल में शिकायत करें।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ठग लोगों की भावनात्मक कमजोरियों का फायदा उठाते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध संदेश की पहले आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन के माध्यम से पुष्टि करें।
यह भी पढ़ें- बरनाला में राहुल गांधी की मनरेगा मजदूर किसान बचाओ रैली आज; 2027 चुनाव का शंखनाद मानी जा रही