जालंधर के होटल में 20 वर्षीय युवती का शव मिला, साथ लाने वाला युवक अरेस्ट; पुलिस पूछताछ में जुटी
जालंधर के होटल में करीब 20 वर्षीय युवती का शव मिला। उसे होटल लाने वाला युवक घटना के बाद फरार हुआ, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। मौत की जांच जारी है। ...और पढ़ें

होटल का कमरा, जहां मिला शव।
HighLights
जालंधर के रॉयल होटल में युवती का शव मिला।
युवती को होटल लाने वाला युवक गिरफ्तार किया गया।
पुलिस मौत के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के पास स्थित रायल होटल के कमरे में करीब 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से सोमवार सुबह सनसनी फैल गई। युवती पिछले करीब दो दिनों से होटल के कमरा नंबर 102 में ठहरी हुई थी। सुबह करीब सात बजे होटल कर्मचारियों ने उसे कमरे में मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलते ही थाना तीन की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने उस युवक को पकड़ लिया है, जो युवती को होटल में लेकर आया था। बताया जा रहा है कि युवती की मौत के बाद युवक होटल से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और अब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के समय कमरे में कौन-कौन मौजूद था।
यह भी पढ़ें- LIVE: पंजाब विधानसभा मानसून सत्र, 8 विधेयकों पर चर्चा व मुहर; बाजवा ने बाहरी युवाओं की भर्ती का मुद्दा उठाया
कमरे में मिला खाली सूटकेस, सामान बिखरा
जांच के दौरान पुलिस को होटल के कमरे से लाल रंग का एक सूटकेस मिला, जो खाली था। कमरे का सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में पड़ा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके जरिए युवती और युवक के होटल पहुंचने से लेकर घटना के बाद युवक के बाहर निकलने तक की गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। होटल कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मोगा में स्वतंत्रता दिवस की रिहर्सल, गर्मी से कई छात्राएं हुईं बेहोश; गोबर और गंदे पानी से बढ़ी परेशानी
राजनीतिक परिवार से संबंध की चर्चा
युवती को होटल लेकर आने वाले युवक के जालंधर के एक राजनीतिक परिवार से जुड़े होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक युवक की पहचान या उसके किसी राजनीतिक परिवार से संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवती और युवक के बीच क्या संबंध थे, दोनों होटल में कब पहुंचे और कमरे में उनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति आया था या नहीं। युवती की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल थाना तीन की पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।