कपूरथला के होटल में लगी आग, किचन से उठी लपटें; गेस्ट सुरक्षित निकाले गए, 10 लाख से अधिक का नुकसान
कपूरथला के एक होटल की किचन में आग लगने से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ। अग्निशमन टीम ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया, जबकि जानी नुकसान से बचाव रहा ...और पढ़ें

आग को बुझाने के लिए पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियां।
HighLights
कपूरथला होटल की किचन में भीषण आग लगी।
आग से 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान।
दमकल विभाग ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। पंजाब के कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी रोड स्थित एक होटल की किचन में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते किचन का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। इस घटना में करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:40 बजे आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फायर अधिकारी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम ने तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
यह भी पढ़ें- बीबीएमबी पानी विवाद में पंजाब को बड़ा झटका, हाई कोर्ट ने याचिका खारिज की; हरियाणा को पानी देने का फैसला बरकरार
चिमनी में हुई स्पार्किंग बनी कारण
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण किचन की चिमनी में हुई स्पार्किंग बताया जा रहा है। बताया गया कि चिमनी में अचानक चिंगारी उठी, जिससे आग भड़क गई और धीरे-धीरे पूरे किचन में फैल गई।
होटल के प्रबंध निदेशक राजिंदर कौड़ा ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे किचन में काम चल रहा था, तभी चिमनी में स्पार्किंग हुई और कुछ ही समय में आग फैल गई। होटल के कर्मचारियों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और वहां लगे अग्नि सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया। साथ ही अग्निशमन विभाग को भी तुरंत सूचना दी गई।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- पंजाब के बेअदबी कानून को हाई कोर्ट में चुनौती, एक धर्म विशेष के लिए कानून बनाने पर उठा सवाल
किचन में रखा सामान हुआ नष्ट
उन्होंने बताया कि आग से किचन में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे होटल को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन अग्निशमन विभाग की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर ली गई। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।