कपूरथला में शिकायत देने थाने पहुंचे दो पक्ष बाहर ही भिड़े, महिलाओं समेत 7 घायल; एक की हालत गंभीर
कपूरथला के नवां पिंड भट्ठे में झगड़े की शिकायत देने थाना कोतवाली पहुंचे दो पक्ष बाहर भिड़ गए। मारपीट में दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हुए।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल।
HighLights
थाने के बाहर दो पक्षों में हुई मारपीट।
झगड़े में दो महिलाओं सहित सात लोग घायल।
एक गंभीर घायल को अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। कपूरथला के गांव नवां पिंड भट्ठे में आपसी रंजिश को लेकर हुए झगड़े की शिकायत देने थाना कोतवाली पहुंचे दो पक्ष बुधवार को थाने के बाहर ही आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दो महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कालेज अमृतसर रेफर किया गया है। सिविल अस्पताल में भर्ती जतिंदर पाल सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी घरों में काम करती है। आरोप है कि उसके साथ बलविंदर सिंह और कुलविंदर सिंह ने मारपीट की थी। इसी मामले की शिकायत देने के लिए वह अपने भाई, अमरजीत सिंह और अमरीक कौर के साथ थाना कोतवाली पहुंचा था।
जतिंदर पाल सिंह का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने रंजिश के चलते थाने के बाहर उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। हमले में उनके पक्ष के पांच लोग घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें- कपूरथला में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार स्कोडा ने बाइक को मारी टक्कर; भाई के सामने तड़प-तड़पकर हुई मौत
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट के आरोप
दूसरे पक्ष के घायल कुलविंदर सिंह और बलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि गांव नवां पिंड भट्ठे में पहले पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। इसी की शिकायत देने के लिए वे थाना कोतवाली पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पहले पक्ष के लोगों ने थाने के बाहर भी उन पर हमला कर दिया और मारपीट की।
यह भी पढ़ें- पंजाबी सिंगर एम्मी विर्क की हत्या की कोशिश, बदमाशों ने किए सात राउंड फायर; बुलेटप्रूफ गाड़ी ने बचाई जान
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू
सिविल अस्पताल के चिकित्सक डाॅ. इंदरजीत सिंह ने बताया कि झगड़े में घायल सात लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं वीर नामक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कालेज अमृतसर रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें ले ली गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी आरोपित पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अंबेडकर प्रतिमा बेअदबी के विरोध में आज जालंधर बाईपास चौक पर धरना, 22 सड़कों पर थमेगा ट्रैफिक
