विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PSEB 12वीं रिजल्ट: लुधियाना की सुहानी और दिवांशी बनीं स्टेट टॉपर्स, एक बनना चाहती है जज, दूसरी IT इंजीनियर

Published: Wed, 13 May 2026 06:28 PM (IST)

लुधियाना की सुहानी चौहान और दिवांशी ने पंजाब बोर्ड बारहवीं परीक्षा में 500 में 500 अंक हासिल किए। दोनों छात्राएं ...और पढ़ें

अपने माता-पिता के साथ दिवांशी।

अपने माता-पिता के साथ दिवांशी।

HighLights

  1. सुहानी और दिवांशी ने PSEB 12वीं में 500/500 अंक प्राप्त किए।

  2. सुहानी जज बनेंगी, जबकि दिवांशी आईटी सेक्टर में करियर बनाएंगी।

  3. कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से मिली शानदार सफलता।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा के परिणामों में लुधियाना की दो छात्राओं ने पूरे अंक हासिल कर राज्य में पहले तीन स्थानों में जगह बनाई है। बीसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल फोकल प्वाइंट की छात्रा सुहानी चौहान और तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल विद्यालय की छात्रा दिवांशी ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की।

परिणाम घोषित होते ही दोनों छात्राओं के घरों और विद्यालयों में खुशी का माहौल बन गया। परिवारों, अध्यापकों और रिश्तेदारों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। शेरपुर क्षेत्र की रहने वाली सुहानी चौहान मानविकी वर्ग की छात्रा है। उसके पिता ललिता चौहान एक ऊनी वस्त्र कंपनी में मानव संसाधन विभाग में कार्यरत हैं, जबकि माता पूजा चौहान गृहिणी हैं। सुहानी का सपना आगे चलकर जज बनने का है। वह गुरु नानक देव विश्वविद्यालय से विधि की पढ़ाई करना चाहती है।

यह भी पढ़ें- PSEB 12वीं रिजल्ट: जालंधर पिछड़ा, 17वें रैंक पर पहुंची; स्वर्ण व तीर्थंकर ने पाया पहला स्थान

मेरिट में जगह बनाने की पहले से थी उम्मीद

सुहानी ने बताया कि उसे मेरिट सूची में आने की पूरी उम्मीद थी। वह दसवीं कक्षा में भी राज्य स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर चुकी है। पढ़ाई के साथ-साथ उसे बेसबाल, साफ्टबाल और गायन का भी शौक है। वह राज्य स्तर पर बेसबाल प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर चुकी है।

सुहानी ने कहा कि पढ़ाई के दौरान तनाव दूर करने के लिए वह पौधों की देखभाल करती थी। उसने अंग्रेजी, पंजाबी, शारीरिक शिक्षा, राजनीति शास्त्र और इतिहास में पूरे 100 अंक हासिल किए।

यह भी पढ़ें- PSEB 12वीं रिजल्ट: गुरदासपुर दो पायदान फिसला, मैरिट में पहुंची 10 लड़कियां, एक लड़का, नवरूप रही सिटी टॉपर

ेsonali

12वीं टॉप करने वाली सुहानी।

IT सेक्टर जाॅइन करेगी दिवांशी

वहीं शिमलापुरी क्षेत्र की रहने वाली दिवांशी ने भी पूरे अंक प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उसके पिता वनीत जौहर एक मशीन कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं, जबकि माता नीतू जौहर निजी विद्यालय में अध्यापिका हैं। दिवांशी का सपना तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने का है।

दिवांशी ने बताया कि उसने समय सारिणी बनाकर पढ़ाई की। वह रोज देर रात तक पढ़ाई करती थी और कई बार सुबह तीन बजे तक पढ़ाई जारी रखती थी। उसे पढ़ने और नृत्य का शौक है। दिवांशी ने बताया कि उसने दसवीं तक की पढ़ाई कनाडा में की थी। वहां और भारत की पढ़ाई में काफी अंतर महसूस हुआ, लेकिन अध्यापकों के सहयोग से यहां की पढ़ाई मुश्किल नहीं लगी।

खेलों में भी टॉपर है दिवांशी

वह साफ्टबाल प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर पहला स्थान भी हासिल कर चुकी है। दिवांशी ने समाजशास्त्र, ललित कला, शारीरिक शिक्षा, अंग्रेजी और पंजाबी में पूरे 100 अंक प्राप्त किए। दोनों छात्राओं की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- 'जो राम को लाए हैं' गाने वाले कन्हैया मित्तल की बेटी ने लहराया परचम, 12वीं में हासिल किए 98% अंक, शेयर किया Video

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।