लुधियाना के स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही परिसर करवाया खाली; पुलिस ने जांच की शुरू
लुधियाना के जीएनपीएस माडल टाउन स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। मेल के बाद छुट्टी घोषित हुई और पुलिस टीमों ने परिसर की जांच शुरू की।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
जीएनपीएस स्कूल को ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिली।
सुरक्षा कारणों से स्कूल को तुरंत खाली कराकर छुट्टी घोषित की गई।
पुलिस ने स्कूल परिसर की जांच की, ईमेल की पड़ताल जारी है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना शहर के माडल टाउन स्थित जीएनपीएस स्कूल को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन को ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई। मेल सामने आते ही स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर तत्काल छुट्टी घोषित कर दी। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावकों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा टीमों को जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर जांच शुरू की। स्कूल के कमरों, परिसर और अन्य स्थानों की सुरक्षा के लिहाज से जांच की गई। पुलिस की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- नशे के खिलाफ आवाज उठाने की सजा! संगरूर DC ऑफिस के बाहर युवक ने निगला जहर, सचिन पायलट ने घेरी पंजाब सरकार
मेल में दो अन्य स्कूल भी शामिल
बताया जा रहा है कि जीएनपीएस माडल टाउन को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में शहर के दो अन्य स्कूलों को भी सीसी में रखा गया था। इनमें स्प्रिंग डेल और रयान इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। इससे सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को और गंभीरता से लिया और संबंधित स्कूलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
धमकी वाला ईमेल सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को परिसर में रोकने के बजाय उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छुट्टी करने का निर्णय लिया। अभिभावकों को भी स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को ले जाने के लिए कहा गया। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और बच्चों को अपने साथ घर ले गए।
यह भी पढ़ें- UP में आतंकवाद और MP में डाकू खत्म, अब पंजाब होगा नशा मुक्त! शिवराज सिंह चौहान ने बठिंडा में किया एलान
पुलिस टीमों ने स्कूल में की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से स्कूल परिसर की जांच की गई। पुलिस अधिकारी ईमेल भेजने वाले के बारे में जानकारी जुटाने में लगे हैं। इसके लिए ईमेल के स्रोत और उसमें इस्तेमाल किए गए विवरण की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की ओर से स्कूल परिसर में किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रबंधन और पुलिस की ओर से आवश्यक सावधानी बरती जा रही है।
