विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, मोगा में टिप्पर-बाइक की टक्कर में एक की मौत; घटना CCTV में कैद

Published: Mon, 21 Sep 2026 02:29 PM (GMT+05:30)

मोगा में जन्मदिन मनाकर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत, दो दोस्त गंभीर घायल हुए।

HighLights

  1. मोगा में जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत।

  2. तेज रफ्तार टिप्पर ने बाइक को टक्कर मारी, दो दोस्त घायल।

  3. दर्दनाक हादसे का पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ।

संवाद सहयोगी, मोगा। बाघापुराना-मोगा मार्ग पर गिल ढाबे के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में जन्मदिन मनाकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक को तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय गगनदीप सिंह निवासी गांव चत्रूवाला की मौके पर ही मौत हो गई। उसके दो दोस्त गुरकीरत सिंह निवासी गांव मोड़ नौ आबाद और नवप्रीत सिंह निवासी बाघापुराना गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए मोगा के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे का पूरा घटनाक्रम ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। थाना बाघापुराना के एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा कमलजीत सिंह के बयान के अनुसार गगनदीप सिंह का गत दिवस जन्मदिन था।

जन्मदिन मनाने के लिए वह अपने दोनों दोस्तों गुरकीरत सिंह और नवप्रीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर गिल ढाबे पर गया था। तीनों दोस्तों ने ढाबे पर केक काटकर जन्मदिन मनाया। रात करीब 12:30 बजे तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घरों की ओर लौट रहे थे। जब वे ढाबे के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी बाघापुराना की तरफ से आए तेज रफ्तार टिप्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में हलचल जारी! सचिन पायलट से मिले प्रताप बाजवा, राहुल गांधी के दौरे पर जल्द फैसला संभव

युवक ने मौके पर दम तोड़ा

टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गगनदीप सिंह को गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल मोगा के निजी अस्पताल पहुंचाया। दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने कमलजीत सिंह के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। सिविल अस्पताल मोगा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद गगनदीप सिंह का शव स्वजन को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें- सावधान! पंजाब में तेजी से फैल रहा स्वाइन फ्लू, 347 मरीज पॉजीटिव; लुधियाना, मोहाली और पटियाला में बिगड़े हालात

सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा हादसा

गगनदीप सिंह की मौत की खबर गांव चत्रूवाला पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले बेटे के जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। बताया जा रहा है कि गगनदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं और उसकी एक बहन है। 

हादसे से पहले और दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में तीनों युवक मोटरसाइकिल पर जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके कुछ ही क्षण बाद बाघापुराना की तरफ से आया टिप्पर उनकी बाइक को टक्कर मारता नजर आ रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जांच का हिस्सा बनाकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में धान की कटाई के साथ पराली जलाने का सिलसिला शुरू! 6 दिन में 15 मामले आए, अमृतसर टॉप पर

 
 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।