विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में जासूस गिरफ्तार, दुकान के बाहर कैमरे लगाकर पाकिस्तान भेज जा रहा था लाइव फीड; सेना शिविर पर थी नजर

Updated: Fri, 28 Aug 2026 01:01 PM (IST)

लुधियाना में पुलिस ने पाकिस्तान को सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड भेजने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।

ये AI जनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. लुधियाना में सीसीटीवी फीड पाकिस्तान भेजने वाला गिरफ्तार।

  2. आरोपी रछपाल सिंह पर सेना शिविर की निगरानी का शक।

  3. पुलिस कर रही विदेशी संपर्कों और तकनीकी व्यवस्था की जांच।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। लुधियाना पुलिस ने फिरोजपुर रोड पर सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी करने और उनकी लाइव फीड पाकिस्तान तक पहुंचाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां के सरफ कोट निवासी रछपाल सिंह के रूप में हुई है।

मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उप निरीक्षक अर्शदीप सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि न्यू सुंदर नगर में मेडिसिटी अस्पताल के सामने स्थित एक दुकान के बाहर ऐसे आधुनिक कैमरे लगाए गए हैं, जिनका डिजिटल नियंत्रण पाकिस्तान में बैठे संदिग्ध संचालकों के पास है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रछपाल सिंह को पकड़ लिया। पुलिस अब कैमरों की तकनीकी व्यवस्था और उनके संचालन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- मानसा में 32 लाख की जमीन खरीद फंसा खरीदार, दस्तावेज लेकर कब्जा लेने पहुंचा; वहां बना था पुलिस थाना

महत्वपूर्ण इलाकों पर नजर का शक

पुलिस को संदेह है कि इन कैमरों के माध्यम से फिरोजपुर रोड और आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों, बद्दोवाल सेना शिविर, लोगों की आवाजाही और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नजर रखी जा रही थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कैमरों की लाइव फीड वास्तव में किन लोगों तक पहुंच रही थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

पुलिस को यह भी आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिये धमकी भरे संदेश या फोन करने के लिए जरूरी जानकारी जुटाई जा रही हो सकती है। हालांकि इन आशंकाओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में हथियारों की खेप बरामद, 10 पिस्तौल-मैगजीन के साथ दो गिरफ्तार; पाकिस्तानी तस्करों से जुड़ा होने का शक

विदेशी संपर्कों की जांच

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसके संपर्कों, कैमरों की तकनीकी व्यवस्था, विदेश में बैठे संदिग्ध संचालकों से बातचीत और कथित आर्थिक मदद के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें- रखड़ पुनिया मेले में कांग्रेस की गुटबाजी फिर उजागर, चन्नी गुट के कार्यक्रम में राजा वड़िंग नहीं होंगे शामिल!