मानसा में कांग्रेस बैठक में चन्नी के नारों से गरमाया माहौल, भूपेश बघेल ने दी चेतावनी; बलकौर सिंह का छलका दर्द
मानसा में कांग्रेस की बैठक में चन्नी के नारों से माहौल गरमाया। भूपेश बघेल ने अनुशासन तोड़ने वालों को चेतावनी दी। सिद्धू मूसेवाला के पिता ने अपने बेटे ...और पढ़ें

मानसा में बैठक के दौरान पहुंचे भुपेश बघेल व अमरिंदर सिंह राजावड़िंग।
HighLights
भूपेश बघेल ने अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
चन्नी के नारों से मानसा बैठक में गरमाया माहौल, वड़िंग ने आपत्ति जताई।
बलकौर सिंह ने मूसेवाला की लोकप्रियता और कांग्रेस से पारिवारिक जुड़ाव बताया।
संवाद सहयोगी, मानसा। पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे 'हर बूथ कांग्रेस मजबूत' अभियान की बैठक रविवार को मानसा में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी और बयानबाजी ने पूरे आयोजन को चर्चा का विषय बना दिया।
एक ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने पार्टी अनुशासन तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी, वहीं सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह का भावुक संबोधन भी सुर्खियों में रहा।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने साफ कहा कि कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि है। जो भी नेता पार्टी लाइन से हटकर काम करेगा या अनुशासन भंग करेगा, उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार बूथ स्तर पर बैठकें की जा रही हैं और कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें- 6 जिलों में कल बारिश का यलो अलर्ट, पौंग बांध में 43 दिन में 19 फीट बढ़ा जलस्तर; कमजोर मानसून से बढ़ी चिंता
6 जिलों का दौरा कर रहे भुपेश
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत तीन दिनों में छह जिलों का दौरा किया जा चुका है। प्रदेश के करीब 24 हजार बूथों पर नियुक्तियां की गई हैं, जिससे चुनावी तैयारियों को मजबूती मिलेगी। बघेल ने दावा किया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी और राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है और इसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विधानसभा चुनाव तय समय से पहले नवंबर में होते हैं तो पार्टी के पास लगभग तीन महीने का समय है, जिसमें पूरे पंजाब में संगठन का और विस्तार किया जाएगा।
बिकाऊ माल बाहर जाओ
बैठक के दौरान उस समय माहौल गर्मा गया, जब कुछ कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि कार्यकर्ता किसी दूसरे देश के नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के नेता के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।
खबरें और भी
हालांकि इसी दौरान वड़िंग की ओर से कथित तौर पर 'बिकाऊ माल बाहर जाओ' कहे जाने के बाद कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में पार्सल देने पहुंचे युवक का अपहरण कर सुनसान जगह ले गए, पुरानी रंजिश में बेरहमी से पीटने का आरोप
विरोधी पार्टी के लोग कर रहे माहौल
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि विरोधी पार्टी से जुड़े कुछ लोग कांग्रेस के कार्यक्रमों का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसी गतिविधियों से सतर्क रहने की जरूरत है।
बैठक में सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह का संबोधन भी काफी भावुक रहा। उन्होंने कहा कि कई लोग उनके बेटे के चुनाव हारने को लेकर तंज कसते हैं, लेकिन उनके बेटे की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे के चाहने वालों की संख्या आज भी लाखों में है और उसकी लोकप्रियता किसी भी बड़े नेता से कम नहीं है।
मूसेवाला का परिवार पीढ़ियों से कांग्रेस से जुड़ा
बलकौर सिंह ने कहा कि उन्हें कांग्रेस से जुड़े होने का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है। उनका परिवार पीढ़ियों से कांग्रेस से जुड़ा रहा है और उन्होंने उस समय से पार्टी का साथ दिया है, जब कांग्रेस का चुनाव चिन्ह गाय-बछड़ा हुआ करता था। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को कांग्रेस ने चुनाव लड़ने का अवसर दिया, लेकिन उनकी राजनीतिक और वैचारिक निष्ठा कांग्रेस के साथ पहले से रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा कभी नहीं हारा और न ही कभी हारेगा। भले ही आज वह इस दुनिया में नहीं है, लेकिन लोगों के दिलों में वह हमेशा जीवित रहेगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि कई नेताओं के सामाजिक माध्यमों पर तीन लाख समर्थक भी नहीं होंगे, जबकि उनके बेटे के आज भी करीब 17 लाख अनुयायी हैं।