Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मोगा में जामुन तोड़ने को लेकर शुरू हुए विवाद में चली गोली, युवक घायल; पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 04:55 PM (GMT+05:30)

    बुट्टर कलां गांव में जामुन तोड़ने को लेकर विवाद में फायरिंग हो गई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्त ...और पढ़ें

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    ये AI जनरेटेड इमेज है।

    HighLights

    1. जामुन तोड़ने के विवाद में मोगा में चली गोली।

    2. गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल।

    3. पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार।

    संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा जिले के बुट्टर कलां गांव में जामुन तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले गया। विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मोगा के मैडीसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

    पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता जगरूप सिंह ने बताया कि वह और उसके चाचा सतनाम सिंह गांव के नछत्तर सिंह की जमीन पर खेती का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी जोरा सिंह और दारा सिंह, जो श्रीगंगानगर क्षेत्र के रहने वाले हैं, खेत में लगे जामुन के पेड़ से फल तोड़कर खा रहे थे। जब चाचा ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

    यह भी पढ़ें- बठिंडा में जहरीला स्प्रे पीने से युवक की मौत, पत्नी पर 25 लाख मांगने का आरोप; पुलिस ने जांच की शुरू

    बीच बचाव करने पहुंचे व्यक्ति पर की फायरिंग

    परिजनों का आरोप है कि बहस के दौरान मामला अचानक बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच जब जगरूप सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपितों में से एक ने 12 बोर राइफल से फायरिंग कर दी। गोली जगरूप सिंह के बेटे हर्षदीप सिंह को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

    घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फायरिंग के बाद फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- जालंधर में आंधी का कहर, चलते मोटरसाइकिल पर गिरा पेड़; पिता और बेटी ने मौके पर तोड़ा दम

    शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई

    थाना बधनी कलां पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच के बाद दोनों आरोपियों जोरा सिंह और दारा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

    पुलिस का कहना है कि मामले में हथियार के उपयोग और जानलेवा हमले की गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। वहीं गांव में इस घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने भी ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की वारदातें दोबारा न हों।

    यह भी पढ़ें- अकाली दल को बड़ा झटका, पूर्व विधायक दर्शन सिंह शिवालिक ने थामा वारिस पंजाब दे का दामन; अयाली ने साधा निशाना