व्हाट्सएप काल से आई धमकी, खुद को आरजू बिश्नोई बताकर मुक्तसर के कारोबारी से मांगे 5 करोड़
विदेशी नंबर से व्हाट्सएप काल कर कारोबारी से पहले दो करोड़, फिर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। ...और पढ़ें

बदमाश ने मांगे 5 करोड़ रुपए।
HighLights
मुक्तसर के आढ़ती को विदेशी नंबर से धमकी मिली।
धमकी देने वाले ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। श्री मुक्तसर साहिब में एक आढ़ती को विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप काल कर जान से मारने की धमकी देने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने खुद को "आरजू बिश्नोई" बताते हुए कारोबारी और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस व्हाट्सएप काल और विदेशी नंबरों की तकनीकी जांच कर आरोपित की पहचान करने में जुटी है। थाना सिटी पुलिस को बैंस कॉलोनी निवासी तरसेम कुमार बत्रा ने शिकायत दी कि वह नई अनाज मंडी में दुकान नंबर 70 पर "एमएल बत्रा संस" के नाम से आढ़त का कारोबार करते हैं। उनके परिवार में पत्नी रूपिंदर कुमारी बत्रा तथा दो बेटे सनम बत्रा और अर्श कुमार बत्रा हैं।
शिकायत के अनुसार 23 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप काल आई। जब उन्होंने वापस संपर्क किया तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को "आरजू बिश्नोई" बताया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि काल करने वाले ने उनसे दो करोड़ रुपये की मांग की और कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 10 लाख की मांग, 12.5 लाख के लेनदेन का दावा; फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत के बाद फिर आई धमकी भरी काल
तरसेम कुमार बत्रा ने बताया कि उन्होंने 24 जुलाई को इस पूरे मामले की लिखित शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी थी। इसके बावजूद अगले ही दिन 25 जुलाई को एक अन्य विदेशी नंबर से तीन बार व्हाट्सएप काल आई।
खबरें और भी
शिकायतकर्ता के अनुसार इस बार भी काल करने वाले ने खुद को "आरजू बिश्नोई" बताया, लेकिन इस बार रंगदारी की मांग बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी। साथ ही पहले की तरह गंभीर परिणाम भुगतने और पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी पुलिस ने आरजू बिश्नोई नाम का इस्तेमाल करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस विदेशी नंबरों, व्हाट्सएप काल के विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि काल वास्तव में विदेश से की गई थी या इंटरनेट आधारित माध्यम का इस्तेमाल कर फर्जी पहचान बनाई गई। इसके लिए काल डिटेल, तकनीकी रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सुराग खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- धमाके की साजिश नाकाम, जालंधर में 1.3 किलो विस्फोटक समेत BKI आतंकी गिरफ्तार; विदेशी हैंडलरों से जुड़े तार
हर पहलू से होगी जांच
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि धमकी देने वाला किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या किसी अन्य उद्देश्य से कारोबारी को निशाना बनाया गया।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए तकनीकी और खुफिया स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपित को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।