विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू तवी-काठगोदाम गरीब रथ में सफर होगा आसान, जुड़ेंगे दो अतिरिक्त 3rd एसी कोच; वेटिंग लिस्ट से मिलेगी राहत

Published: Fri, 04 Sep 2026 07:00 AM (IST)

त्योहारी सीजन से पहले जम्मू तवी-काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच स्थायी रूप से जुड़ेंगे। हर फेरे में 144 बर्थ बढ़ेंगी।

ये प्रतिकात्मक तस्वीर है।

ये प्रतिकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. गरीब रथ में दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जुड़ेंगे।

  2. त्योहारी सीजन में यात्रियों को वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी।

  3. प्रत्येक फेरे में 144 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी।

संवाद सहयोगी, पठानकोट। त्योहारी सीजन से पहले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर रेलवे ने जम्मू तवी-काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच स्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है। इससे ट्रेन में यात्रियों के लिए सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और लंबी प्रतीक्षा सूची से राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर रेलवे मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 12207 और 12208 में दो अतिरिक्त थर्ड एसी कोच लगाए जाएंगे। अभी इस ट्रेन में 11 थर्ड एसी कोच हैं। कोच बढ़ने के बाद इनकी संख्या 13 हो जाएगी। नई कोच संरचना के साथ जम्मू तवी से काठगोदाम जाने वाली ट्रेन संख्या 12208 का परिचालन 13 सितंबर 2026 से और काठगोदाम से जम्मू तवी जाने वाली ट्रेन संख्या 12207 का परिचालन 15 सितंबर 2026 से होगा।

यह भी पढ़ें- बाल विवाह के खिलाफ पंजाब सरकार का अभियान तेज, 5 शादियां रुकवाईं; 2076 अधिकारी रखेंगे रोकथाम पर नजर

हर फेरे में 144 अतिरिक्त बर्थ

दो कोच बढ़ने से प्रत्येक फेरे में यात्रियों के लिए करीब 144 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। इससे खासकर त्योहारी सीजन में यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। जम्मू तवी से उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।

यह भी पढ़ें- राहुल के पंजाब दौरे का रोडमैप तैयार, बघेल-वड़िंग की बैठक में फैसला; कर्मचारियों की नाराजगी को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस

रूट पर बढ़ सकते हैं यात्री

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आगामी त्योहारों के दौरान इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए स्थायी तौर पर कोच बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजार किए बिना इसी नियमित सेवा में अधिक सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि रेलवे यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रहा है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए गरीब रथ एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से जोड़े गए हैं।

यह भी पढ़ें- कनाडा में पढ़ाई का सपना अब और महंगा, GIC राशि बढ़ी; डालर महंगा होने से अभिभावकों की बढ़ी चिंता