संगरूर में गेहूं खरीद पर बवाल, भुगतान अटका; किसान आढ़ती परेशान, 24 घंटे में समाधान नहीं तो सड़क होगी जाम
संगरूर के धूरी के किला हकीमां खरीद केंद्र पर गेहूं खरीद में गड़बड़ी से किसान और आढ़ती परेशान हैं। भुगतान अटका हुआ है। प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम ...और पढ़ें

एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए किसान।
HighLights
धूरी में गेहूं खरीद केंद्र पर भुगतान अटका।
किसान, आढ़ती जे-फॉर्म, आई-फॉर्म न बनने से परेशान।
24 घंटे में समाधान न होने पर सड़क जाम की चेतावनी।
संवाद सूत्र, धूरी (संगरूर)। गेहूं के चालू सीजन के दौरान धूरी के अधीन आने वाले ग्रामीण खरीद केंद्र किला हकीमां में खरीद व्यवस्था को लेकर गंभीर समस्याएं सामने आई हैं। इन दिक्कतों से परेशान होकर मार्केट कमेटी धूरी के पूर्व चेयरमैन मुनीश कुमार बाबा, आढ़तिया संगठन के जिला प्रधान कामरेड जगतार सिंह समरा और किसान नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम धूरी विजय इशमत सिंह से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि खरीद केंद्र पर गेहूं की बोली सही तरीके से दर्ज नहीं हो रही है, जबकि विभाग द्वारा लिफ्टिंग लगातार करवाई जा रही है। सीजन शुरू होने के बाद से अब तक किसानों के जे फार्म और आढ़तियों के आई फार्म नहीं बन पाए हैं, जिसके कारण भुगतान प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इससे किसान और आढ़ती दोनों आर्थिक संकट में फंस गए हैं।
यह भी पढ़ें- कपूरथला के होटल में लगी आग, किचन से उठी लपटें; गेस्ट सुरक्षित निकाले गए, 10 लाख से अधिक का नुकसान
बोली पर उठ रहे सवाल
नेताओं ने बताया कि केंद्र पर मार्कफेड के माध्यम से गेहूं की खरीद की जा रही है और मौके पर बोली भी लगाई जा रही है, लेकिन यह बोली प्रणाली में दर्ज नहीं हो रही। जब बिल बनाने की कोशिश की जाती है, तो पोर्टल पर पनग्रेन का नाम दिखाया जाता है, जिससे पूरी प्रक्रिया बाधित हो रही है। यह तकनीकी गड़बड़ी लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों से कई बार संपर्क किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। इस कारण किसानों को अपनी फसल का भुगतान नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- पंजाब-नीदरलैंड्स के बीच मजबूत होंगे कारोबारी रिश्ते, सीएम भगवंत मान ने डच निवेशकों को दिया न्योता
समस्याओं के समाधान पर उठे सवाल
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को 24 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो किसान, आढ़ती और मजदूर संगठन मिलकर धूरी लुधियाना मार्ग के लड्डा क्षेत्र में धरना प्रदर्शन करेंगे।
इस पर एसडीएम धूरी विजय इशमत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के भीतर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा और सभी संबंधित पक्षों को राहत दी जाएगी। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि किसी भी किसान या आढ़ती को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
फिलहाल सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं और यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ, तो क्षेत्र में आंदोलन तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- बीबीएमबी पानी विवाद में पंजाब को बड़ा झटका, हाई कोर्ट ने याचिका खारिज की; हरियाणा को पानी देने का फैसला बरकरार