नजर उतारने के लिए नमक और लाल मिर्च का इस्तेमाल क्यों होता है? सदियों पुरानी परंपरा से जुड़ी है खास मान्यता
घर में बच्चे का रोना हो या बनता काम बिगड़ना, अक्सर लोग नजर उतारने के लिए नमक और लाल मिर्च का सहारा लेते हैं। जानिए इस सदियों पुरानी परंपरा के पीछे के कारण और इसके तरीके।

लाल मिर्च और नमक से नजर उतारने की परंपरा का महत्व (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हमारे घरों में जब भी कोई बच्चा अचानक रोने लगता है या फिर सुस्त पड़ जाता है, तो बड़े-बुजुर्ग अक्सर उसकी नजर उतारने की सलाह देते हैं। लेकिन, जमाना चाहे कितना भी बदल गया हो, आज भी हिंदू परिवारों में बुरी नजर से बचाव के लिए कई देसी-घरेलू नुस्खे अपनाए जाते हैं।
इनमें से सबसे प्रमुख और भरोसेमंद है नमक और सूखी लाल मिर्च का नुस्खा। लेकिन, आपने कभी सोचा है कि आखिर इन्हीं दो चीजों का इस्तेमाल सबसे ज्यादा क्यों होता है? चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि आखिर क्यों इस नुस्खे को इतना खास माना जाता है और क्या सच में ये इतना उपयोगी है? साथ ही, ये भी जानेंगे कि इसके अलावा नजर उतारने के लिए कौन-कौन से घरेलू अपनाए जाते हैं।
नमक और लाल मिर्च का इस्तेमाल क्यों?
लोक-मान्यताओं और हमारी पुरानी परंपराओं के अनुसार, नमक और मिर्च में ऐसी विशेषताएं होती हैं जो नकारात्मक प्रभाव को दूर करने में मददगार मानी जाती हैं:
नमक सोखता है नकारात्मक ऊर्जा: ऐसा माना जाता है कि नमक में आस-पास की नमी और नकारात्मकता को अपने अंदर खींचने का गुण होता है। जब मुट्ठी भर नमक को किसी व्यक्ति के सिर से पांव तक घुमाया जाता है, तो माना जाता है कि वह उसके चारों तरफ की भारी या खराब ऊर्जा को सोख लेता है।
लाल मिर्च का तीखापन: सूखी लाल मिर्च को तमोगुणी माना गया है। इसकी तीखी गंध और तीव्र स्वभाव के कारण मान्यता है कि यह बुरी नजर या नकारात्मक ऊर्जा को तुरंत अपनी तरफ खींच लेती है।
आग में जलाकर शुद्धिकरण: नमक या मिर्च को सिर से वारने के बाद आग में डाला जाता है। हमारी परंपरा में अग्नि को सबसे पवित्र और शुद्ध माना गया है। आग में मिर्च या नमक डालते ही वह नेगेटिविटी पूरी तरह जलकर भस्म हो जाती है।
नजर उतारने के अन्य प्रचलित तरीके
नमक और मिर्च के अलावा भी ऐसे कई नुस्खें हैं जो नजर उतारने के काम आते हैं:
- राई और नमक: थोड़ी सी राई और नमक मिलाकर 5 या 7 बार सिर के ऊपर से वारने से असर जल्दी होता है।
- नींबू-मिर्च: माना जाता है कि घर या दुकान के मुख्य द्वार पर 7 हरी मिर्च के साथ 1 नींबू टांगने से बुरी नजर अंदर नहीं आती।
- फिटकरी: फिटकरी को सिर से घुमाकर आग में डालने से उसकी आकृति बदल जाती है, जिससे लोग मानते हैं कि बुरी नजर का असर खत्म हो गया है।
- कपूर और लौंग: शाम के समय कपूर-लौंग जलाने से घर की नकारात्मक हवा साफ होती है।
यह भी पढ़ें- महंगे जेमस्टोन का चक्कर छोड़ो पहनो कौड़ी, धन वृद्धि के साथ नजर दोष से बचाव!
यह भी पढ़ें- नजर उतारने के लिए मां जला रही थी लाल मिर्च, बेटे-बहुओं ने धारदार हथियार से किया हमला
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें।
