अंबेडकरनगर: गर्भवती प्रेमिका की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंका, गुमशुदगी की जांच में खुला राज
अंबेडकरनगर में गुमशुदगी की जांच में एक युवती की हत्या का राजफाश हुआ है। प्रेमी ने गर्भवती प्रेमिका की पिकअप में गला दबाकर हत्या कर दी और शव गन्ने के ख ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। पड़ोस गांव का युवक एक युवती को बहला-फुसलाकर पिकअप वाहन से अयोध्या ले जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच में विवाद होने लगा। युवती घर लौटने की बात कहने लगी। इस पर युवक उसकी हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंककर भाग निकला। इसका राजफाश दर्ज गुमशुदगी की जांच में हुआ।
कोतवाली के एक गांव की महिला ने तीन वर्ष पूर्व बेटी के लापता होने के संबंध में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। इसकी जांच उपनिरीक्षक अर्जुन द्वारा की जा रही थी। अब जांच के दौरान मां ने थाना अलीगंज के डीहा सुलतानपुर के सुभाष चंद्र मौर्य पर पुत्री को गायब करने की आशंका व्यक्त की।
पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ किया तो बताया कि उसके और युवती के बीच करीबी संबंध था। वह तीन महीने की गर्भवती थी। वह तरह-तरह का दबाव बनाती रहती थी। इसके कारण उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। दिसंबर 2023 में वह उसको अपने साथ पिकअप से अयोध्या ले जा रहा था।
यात्रा के दौरान दोनों के बीच में वाद विवाद होने लगा। दर्शन नगर पहुंचने पर वापस चलने की जिद करने लगी, जिस पर दोनों वापस लौटने लगे। वापसी के दौरान महराजगंज थाना के मया बाजार से पूर्व उसने पिकअप खड़ंजे के रास्ते पर उतार दी।
खबरें और भी
चार-पांच किलोमीटर अंदर ले जाकर वहां वाहन के अंदर ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके उपरांत मृत्यु सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शव को सड़क पर रखकर उसके ऊपर दो-तीन बार वाहन चढ़ाया। जब उसे विश्वास हो गया की मृत्यु हो चुकी है, तब शव को गन्ने के खेत में फेंककर वहां से घर वापस चला आया।
प्रभावी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि सुभाष चंद्र मौर्य को गिरफ्तार करके महाराजगंज पुलिस ले गई है। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें, वरिष्ठ उप निरीक्षक शिवबक्स सिंह, उप निरीक्षक अर्जुन को 25 हजार रुपये से पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।