UP Police Encounter: औरैया में गोकशी मामले का वांछित बदमाश मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
अजीतमल में गोकशी मामले में वांछित एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराय ...और पढ़ें
-1785575934456_m.webp)
जांच करती औरैया पुलिस। सौजन्य: पुलिस
HighLights
गोकशी मामले में वांछित बदमाश मुठभेड़ में घायल
पुलिस ने जवाबी फायरिंग में बदमाश को पकड़ा
फरार साथी की तलाश में पुलिस की दबिश
संवाद सहयोगी, अजीतमल (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में 16 किलो संदिग्ध मांस बरामदगी के बाद दर्ज गोकशी प्रकरण की जांच शनिवार सुबह पुलिस मुठभेड़ तक पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, गोकशी मामले में वांछित एक आरोपित मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात क्षेत्राधिकारी अजीतमल के निर्देशन में भीखेपुर के पास गश्त के दौरान एक नाबालिग को करीब 16 किलो संदिग्ध मांस के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दलेलनगर समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई। बरामद मांस का नमूना पशु चिकित्साधिकारी डा. उमेश राजपूत ने जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजा था। इसी मामले में पुलिस गोकशी से जुड़े आरोपितों की तलाश कर रही थी।
प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास पुलिस चेकिंग के दौरान बाबरपुर की ओर से बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। कुछ दूरी पर स्पीड ब्रेकर के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मनोज कुमार पुत्र सुरेश चंद्र निवासी रतनीपुर-जगदीशपुर, भीखेपुर, थाना अजीतमल के बाएं पैर में गोली लग गई। उसका साथी राजा निवासी इस्लामनगर, बाबरपुर मौके से फरार हो गया। घायल मनोज कुमार को तत्काल सीएचसी अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई।
खबरें और भी
पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और बाइक कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एएसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। बाइक गिरने के बाद एक आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाब में की गई कार्रवाई में मनोज कुमार घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि घायल आरोपित 30 जुलाई की रात दर्ज गोकशी प्रकरण में वांछित था। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरामद संदिग्ध मांस की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की धाराएं और कार्रवाई तय की जाएगी।