अयोध्या में गणेश मंदिर पर L&T और टाटा कंसल्टेंसी के चेयरमैन करेंगे ध्वजारोहण, पुलिस अधिकारी भी होंगे आमंत्रित
अयोध्या के रामजन्मभूमि परिसर स्थित गणेश मंदिर पर 11 अप्रैल को धर्म ध्वजा का आरोहण होगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने लार्सन एंड टुब्रो (एलए ...और पढ़ें
-1775294408982_m.webp)
गणेश मंदिर पर L&T और टाटा कंसल्टेंसी के चेयरमैन करेंगे ध्वजारोहण।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। रामजन्मभूमि परिसर में राम मंदिर के सम्मुख परकोटे के आग्नेय कोण (दक्षिणी-पूर्वी) पर निर्मित गणेश मंदिर पर धर्म ध्वजा का आरोहण 11 अप्रैल को होगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर का निर्माण करने वाली कार्यदायी एजेंसी लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एसएन सुब्रह्मणयन और निर्माण कार्यों का पर्यवेक्षण करने वाली टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अमित शर्मा से ध्वजारोहण कराने का निर्णय लिया है।
परिसर में तैनात दोनों एजेंसियों के परियोजना निदेशक के माध्यम से उन्हें आमंत्रित भी कर दिया गया है। ध्वजारोहण में स्थानीय पुलिस अधिकारी भी आमंत्रित किए गए हैं।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के चारों ओर आठ एकड़ में निर्मित 732 मीटर लंबे परकोटे के अलग-अलग कोणों पर शिव, गणेश, मां दुर्गा, मां अन्नपूर्णा, सूर्य व हनुमान जी का मंदिर निर्मित कराया है।
इन पूरक मंदिरों में सामूहिक रूप से प्राण प्रतिष्ठा पिछले वर्ष ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों पांच जून को ही करा दी गई थी। उसी समय राम मंदिर के प्रथम तल पर राम परिवार को भी प्रतिष्ठित किया गया था। इसके बाद सभी मंदिरों के शिखर पर अलग-अलग तिथियों पर कलश और धर्म ध्वजदंड भी स्थापित किया जा चुका है।
राम परिवार में दर्शन 13 जून से ही शुरू करा दिया गया है, परंतु इन पूरक मंदिरों के अलावा परकोटे के बाहर बने शेषावतार मंदिर और सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन अभी नहीं शुरू हुआ है। दर्शन की तिथि कई बार तय होने के बाद भी विभिन्न कारणों से इसे स्थगित किया जाता रहा है। अब ट्रस्ट की ओर से सभी पूरक मंदिरों के शिखर पर ध्वजारोहण शुरू कराया गया है।
खबरें और भी
इसी क्रम में परकोटे के दक्षिणी-पूर्वी कोण पर बने गणेश मंदिर पर ध्वजारोहण वैशाख कृष्ण नवमी तिथि पर कराया जाना निश्चित हुआ है। ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने बताया कि 11 अप्रैल को ध्वजारोहण कराए जाने की पुष्टि की। हालांकि उन्होंने अतिथि का नाम नहीं सार्वजनिक किया।
सूत्रों ने बताया कि गणेश मंदिर के ध्वजारोहण के लिए ट्रस्ट ने कार्यदायी एजेंसी एलएंडटी व टीसीई के चेयरमैनों को आमंत्रित किया है। इन्हें आमंत्रित भी कर दिया गया है। इन अधिकारियों के साथ ही स्थानीय पुलिस अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। अन्य पूरक मंदिरों पर भी क्रमानुसार ध्वजारोहण संपन्न कराया जाएगा।