Delhi-Dehradun Economic Corridor पर गड्ढे मिलने पर NHAI गंभीर, तकनीकी ऑडिट शुरू कर लिए जा रहे नमूने
दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष तकनीकी ऑडिट शुरू हो गया है। बारिश में गड्ढे होने की शिकायतों के बाद एनएचएआई ने यह कदम ...और पढ़ें

दिल्ली देहारादून इकोनामिक काॅरिडोर पर शुरू हुए तकनीकी आडिट को लिए जा रहे नमूने। सौ. एनएचएआई
HighLights
गुणवत्ता जानने को गठित किया गया था विशेष जांच दल।
बरसात में हुए कारिडोर पर गड्ढे की खबरों पर लिया था संज्ञान।
जागरण संवाददाता, बागपत। दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर की गुणवत्ता जाने के लिए विशेष जांच दल ने तकनीकी आडिट शुरू कर दिया है। विभिन्न स्थानों से नमूने लिए जा रहे हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होगी। बरसात में हुए काॅरिडोर पर गड्ढे की खबरों पर एनएचएआइ के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए तकनीकी आडिट कराने का निर्णय लिया था।
इकोनामिक काॅरिडोर के निर्माण के महज ढाई माह के अंदर पहली बरसात में ही मुजफ्फरनगर के ग्राम खेड़ा मस्तान के निकट दो गड्ढे हो गए थे, जिनकी चपेट में आने से चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद बरसात होने से काॅरिडोर के किनारे गड्ढों की भरमार हो गई थी। गांगनौली के निकट तो कारिडोर के किनारे मिट्टी खिसकने से गहरे गड्ढे हो गए थे।
वहीं गड्ढों की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित हुई, जिस पर एनएचएआइ के अधिकारियों ने संज्ञान लिया था। कारिडोर की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित की गई थी। इसमें स्वतंत्र तकनीकी आडिट एजेंसी, एनएचएआइ के एक अभियंता, एक सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता (स्वतंत्र विशेषज्ञ के रूप में) तथा प्राधिकरण अभियंता का एक प्रतिनिधि शामिल है।
यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Economic Corridor पर कट नहीं मिला तो ट्रैक्टर से निकालेंगे तिरंगा यात्रा, नरेश टिकैत ने दी चेतावनी
एनएचएआइ के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह का कहना है कि विशेष जांच दल ने दिल्ली-देहरादून इकोनामिक काॅरिडोर का तकनीकी आडिट शुरू कर दिया है। विभिन्न स्थानों पर कोर कटिंग तथा सड़क की परतों (क्रस्ट) की जांच के लिए किनारे की लाइन, मध्य रेखा एवं सेंटर लाइन पर क्रस्ट कटिंग की जा रही है। नमूने भी लिए जा रहे हैं, ताकि राजमार्ग की गुणवत्ता एवं सड़क की परतों की संरचना का परीक्षण किया जा सके। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए फिलहाल रूट डायवर्जन नहीं किया गया है।