अब नहीं मिलेगा मुफ्त राशन, एक लाख+ यूनिट के वितरण पर रोक, कार्ड धारकों के लिए जरूरी हुआ ये काम
बलरामपुर में एक लाख से अधिक राशन यूनिटों की केवाईसी नहीं होने के कारण मुफ्त राशन वितरण रोक दिया गया है। ...और पढ़ें

HighLights
एक लाख से अधिक यूनिटों की केवाईसी लंबित।
केवाईसी के बिना राशन वितरण पर रोक लगाई गई।
बाहर रहने वाले भी जनसेवा केंद्र से कराएं केवाईसी।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। राशन कार्ड धारक केवाईसी कराने में आनाकानी कर रहे हैं। इससे शत प्रतिशत केवाईसी नहीं हो पा रही है। विभाग इसका कारण कार्ड धारकों के बाहर होने को बता रहे हैं।
अब बिना केवाईसी वाली यूनिटों को राशन नहीं दिया जा रहा है। अब तक 14,81,195 यूनिट का सत्यापन हो चुका है। अभी 1,03,439 यूनिट की केवाईसी होनी है।
बिना केवाईसी के राशन नहीं मिलेगा
जिले में पात्र गृहस्थी के 3,07,288 कार्ड धारक हैं। इसमें 15,84,634 यूनिट है। अन्त्योदय के 36789 कार्ड धारक हैं। इनको हर माह राशन मिलता है। सभी कार्डों में अंकित यूनिट की केवाईसी आवश्यक कर दी गई है। बिना केवाईसी के राशन नहीं दिया जाएगा।
यह व्यवस्था फर्जी वितरण रोकने के लिए की गई है। इस प्रक्रिया के शुरू होने से अपात्रों ने स्वयं अपना कार्ड निरस्त करा लिया था। राशन लेने वाले लाभार्थियों की सुविधा के लिए उचित दर विक्रेताओं के यहां केवाईसी की सुविधा की गई है।
उचित दर विक्रेता घर-घर संपर्क करके केवाईसी करा रहे हैं, इसके बाद भी सफलता नहीं मिल रही है। जो लाभार्थी बाहर हैं उनकी केवाईसी नहीं हो पा रही है। हरैया सतघरवा के मंगराकोहल में कोटे की दुकान पर केवाईसी की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि जो लाभार्थी शहर या गांव से बाहर है। उनको भी केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी है। जिस स्थान पर वह वर्तमान रह रहे हैं। वहां के जनसेवा केंद्र या उचित दर विक्रेता के पास जाकर केवाईसी करा सकते हैं, जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होगी तब तक संबंधित कार्ड धारक को राशन नहीं मिलेगा। इसलिए सभी लोग अपनी केवाईसी कराकर मुफ्त राशन वितरण योजना का लाभ ले सकते हैं।