Prateek Yadav Death: सैफई से था प्रतीक का अटूट रिश्ता, वायरल हो रहा अखिलेश से आशीर्वाद का वीडियो, अब यादें शेष
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन से सैफई में शोक का माहौल है, जहां लोग उनके सरल स्वभाव और पारिवारिक जुड़ा ...और पढ़ें
HighLights
सैफई से गहरा जुड़ाव रखते थे प्रतीक यादव, हर पारिवारिक कार्यक्रम में निभाते थे मौजूदगी
नवंबर 2025 में आर्यन यादव की शादी में पत्नी अपर्णा यादव और बच्चों के साथ आए थे सैफई
संवाद सहयोगी, सैफई (इटावा)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव के निधन की खबर से सैफई और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांव में दिनभर लोग उनके सरल व्यवहार, पारिवारिक जुड़ाव और सादगी को याद करते रहे। लखनऊ में रहकर कारोबार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के बावजूद उनका सैफई से आत्मीय रिश्ता हमेशा बना रहा। परिवार के लोगों का कहना है कि वह सैफई में होने वाले लगभग हर प्रमुख पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होते थे।
प्रतीक यादव पिछली बार 23 नवंबर 2025 को सैफई आए थे। वह मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई राजपाल यादव के पुत्र आर्यन यादव के विवाह समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान उनके साथ पत्नी अपर्णा यादव और दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। शादी समारोह में पहुंचे प्रतीक यादव और अपर्णा यादव ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सपा मुखिया अखिलेश यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। उस दौरान के वीडियो और फोटो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रचलित हो रहे हैं, जिनमें पति-पत्नी अखिलेश यादव से आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
परिवार से जुड़े लोग बताते हैं कि प्रतीक यादव का स्वभाव बेहद सहज था और वह गांव आने पर रिश्तेदारों व परिचितों से आत्मीयता के साथ मिलते थे। विवाह, तिलक और अन्य सामाजिक आयोजनों में उनकी मौजूदगी अक्सर रहती थी।
सैफई में हुआ था प्रतीक का विवाह
सैफई से प्रतीक यादव की एक बड़ी स्मृति उनका विवाह समारोह भी जुड़ा है। वर्ष 2011 में प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी सैफई में बड़े ही भव्य और पारंपरिक अंदाज में संपन्न हुई थी। उस समय मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, जबकि अखिलेश यादव पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सैफई महोत्सव पंडाल में आयोजित इस विवाह समारोह में देशभर की राजनीतिक, सामाजिक और फिल्मी जगत की चर्चित हस्तियां शामिल हुई थीं। उस समय यह विवाह समारोह प्रदेशभर में चर्चा का केंद्र बना था।
खबरें और भी
मां साधना के साथ आते रहते थे सैफई
प्रतीक यादव की मां साधना गुप्ता भी अक्सर सैफई आया करती थीं। प्रतीक यादव भी उनके साथ यहां आते-जाते रहे। परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि गांव और परिवार से उनका भावनात्मक लगाव हमेशा बना रहा। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में अपर्णा यादव के भाजपा से जुड़ने के बाद उनका सैफई आना-जाना कुछ कम हो गया था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रतीक यादव और अपर्णा यादव ने सैफई से अपना वोट भी कटवा लिया था। इसके बावजूद परिवार के प्रमुख आयोजनों में उनकी मौजूदगी बनी रही।