हरनंदीपुरम टाउनशिप: GDA अधिकारियों को वीसी के निर्देश, बोर्ड बैठक से पहले पूरी करें सभी औपचारिकताएं
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) हरनंदीपुरम योजना को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी में है, जिसके तहत भू-उपयोग परिवर्तन के प्रस्ताव को बोर्ड बैठक से पहले ...और पढ़ें

जीडीए सभागार में हरनंदीपुरम योजना को लेकर समीक्षा बैठक लेते उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल और उपस्थित अधिकारी। सौ- जीडीए
HighLights
हरनंदीपुरम योजना के भू-उपयोग परिवर्तन की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को बोर्ड बैठक से पहले औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश।
योजना को आधुनिक समेकित टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम योजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं।
जीडीए उपाध्यक्ष ने मंगलवार को योजना के भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित प्रकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रस्तावित बोर्ड बैठक से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में योजना के प्रथम चरण के भू-उपयोग परिवर्तन और लेआउट अनुमोदन से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
भू-उपयोग परिवर्तन और अनुमोदन में तेजी के निर्देश
उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने हरनंदीपुरम योजना के भू-उपयोग परिवर्तन के लिए गठित समिति को प्रथम चरण के भू-उपयोग परिवर्तन और लेआउट अनुमोदन से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण, तकनीकी जांच तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति निर्धारित समय के भीतर अपना अंतिम अभिमत प्रस्तुत करे, ताकि प्रस्ताव को अगस्त माह में प्रस्तावित जीडीए बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल किया जा सके।
बैठक में यह भी तय किया गया कि समिति की संस्तुति मिलने के बाद भू-उपयोग परिवर्तन और प्रथम चरण के लेआउट अनुमोदन का प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद हरनंदीपुरम योजना के विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि यह जीडीए की महत्वपूर्ण आवासीय परियोजनाओं में शामिल है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से औपचारिकताएं पूरी करें, जिससे प्रथम चरण का विकास कार्य निर्धारित समय पर शुरू हो सके और लोगों को जल्द आधुनिक आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना के तहत बनेगी आधुनिक टाउनशिप
हरनंदीपुरम योजना को मुख्यमंत्री शहरी विस्तार योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। जीडीए इसे भविष्य की आधुनिक समेकित टाउनशिप के रूप में विकसित करने की तैयारी में है, जहां आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक सुविधाओं का सुनियोजित विकास किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में गठित समिति के अध्यक्ष सचिव विवेक मिश्र, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, ओएसडी (प्रथम), प्रभारी मुख्य नगर नियोजक, नगर नियोजक, सहायक अभियंता (मास्टर प्लान जोन-एक) आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: हरनंदीपुरम टाउनशिप को मिली ₹943.37 करोड़ की दूसरी किश्त, पहले चरण की लॉन्चिंग जल्द
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: हरनंदीपुरम टाउनशिप की सुस्ती पर सख्त हुए GDA वीसी, देर रात तक निपटीं लंबित फाइलें