सूर्या हत्याकांड: खोड़ा में चला सत्यापन अभियान तो भाग गए हिस्ट्रीशीटर, दो मदरसे सील, एक को नोटिस
गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया है और अवैध मदरसों को सील कर दिया गया है। ...और पढ़ें

खोड़ा में भारी संख्या में पुलिसबल तैनात। फोटो- जागरण
HighLights
खोड़ा में सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस-प्रशासन सक्रिय।
इलाके में अवैध रूप से चल रहे तीन मदरसे सील।
1600 से अधिक अपराधियों का सत्यापन, पुलिस बल तैनात।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा में सूर्या हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त तेवर से पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन ने मंगलवार को खोड़ा में सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान अधिकांश हिस्ट्रीशीटर व अपराधी खोड़ा छोड़कर भाग गए। प्रशासन ने अवैध तरीके से चल रहे दो मदरसों को भी सील कर दिया, जबकि तीसरे को नोटिस जारी किया है।
1600 अपराधी चिह्नित
उधर, सूर्या के बड़े भाई यश को खोड़ा नगर पालिका में सफाई सुपरवाइजर बनाया गया है। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने मंगलवार को उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। खोड़ा में सुबह से ही पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ व डीएम के साथ अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस ने 1600 अपराधी चिह्नित किए हैं, जिनका तीन दिन में सत्यापन कार्य पूरा करना है, लेकिन प्रशासन के डर से खोड़ा के अपराधी घर छोड़कर फरार हैं। अभियान के दौरान अधिकांश अपराधी गायब मिले, जबकि कुछ अपने घर पर ही रहे। इन्हें पुलिस ने अपराध से दूरी बनाने की चेतावनी दी।

मदरसे का बिजली कनेक्शन काटते विद्युत कर्मी।
सोमवार को पुलिस ने 170 और मंगलवार को 330 अपराधियों का सत्यापन किया। साथ ही मंगलवार तक 70 में से 38 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन भी हुआ। वहीं, प्रशासन की टीम ने खोड़ा के लोकप्रिय विहार में अवैध मदरसा रहमानिया अरबिया कासिम-उल-उलूम को सील किया।
खबरें और भी
जब प्रशासनिक अधिकारी मदरसे पर कार्रवाई करने पहुंचे, तो मदरसे का गेट नहीं खोला गया। इस पर प्रशासन ने मदरसे को बाहर से सील कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि जिस समय मदरसे को सील किया, तब अंदर 11 बच्चे मौजूद थे। मदरसा कमेटी के प्रमुख सचिव इलियास सैफी ने आरोप लगाया कि उनके पास मदरसा संचालन संबंधी सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं, लेकिन प्रशासनिक टीम ने उन्हें दिखाने का मौका नहीं दिया। बाद में बच्चों को बाहर निकाला गया।

प्रशासन ने लोकप्रिय विहार में ही संचालित मदरसा सुल्तान अलारफीन को भी सील किया। खोड़ा गांव में संचालित मदरसा रमानिया अरनिया पासीमूल उलूक पर नोटिस चस्पा किया। मदरसों के बिजली कनेक्शन भी काट दिए। अधिकारियों का कहना है कि मदरसे सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बने हैं। अल्पसंख्यक विभाग में पंजीकरण भी नहीं है।

असद के पुराने मकान में तोड़फोड़
खोड़ा में ही असद के पुराने मकान पर सोमवार को पुलिस ने नोटिस चस्पा किया था। देर रात कुछ लोगों ने इस मकान में तोड़फोड़ की। लोगों ने असद के मकान का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद असद के घर पर पुलिस तैनात की गई और लोगों को मौके से हटाया गया।