कांवड़ यात्रा खत्म होते ही खुलेंगे मार्ग, गाजियाबाद के उद्योग-कारोबार को मिलेगी रफ्तार; लौटेगी रौनक
कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद गाजियाबाद के प्रमुख मार्ग फिर से खुल गए हैं। इससे औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां पटरी पर लौटेंगी, जिससे उत्पादन और ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
कांवड़ यात्रा के बाद गाजियाबाद के प्रमुख मार्ग खुले।
औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां फिर से होंगी तेज।
उत्पादन और माल की आवाजाही अब सामान्य होगी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पिछले एक सप्ताह से कांवड़ यात्रा के चलते बंद रहे प्रमुख कांवड़ मार्ग अब यात्रा संपन्न होने के बाद खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां फिर से पटरी पर लौटती नजर आएंगी।
शहर के मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड कविनगर, साहिबाबाद, साइट-चार, मोहननगर, लोनी रोड समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन कार्य तेज होने की उम्मीद है। वहीं माल की आवाजाही शुरू होने से व्यापारियों और उद्यमियों ने भी राहत की सांस ली है।
कच्चे माल की ढुलाई भी रही बाधित
कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और कई प्रमुख मार्गों के बंद रहने से बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयों का संचालन प्रभावित हुआ। कई इकाइयों में कामगार समय पर नहीं पहुंच सके, जबकि तैयार माल की आपूर्ति और कच्चे माल की ढुलाई भी बाधित रही।
इसके चलते सैकड़ों लघु, मध्यम और बड़ी इकाइयों को उत्पादन आंशिक या पूरी तरह रोकना पड़ा। मार्ग खुलने के साथ ही ट्रकों और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही सामान्य होगी, जिससे लंबित आर्डरों की आपूर्ति में तेजी आएगी। औद्योगिक संगठनों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में अधिकांश इकाइयां पूरी क्षमता के साथ काम करने लगेंगी।
क्या बोले लोग
कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर किए गए यातायात प्रबंध आवश्यक थे, लेकिन उद्योगों को भी इसका असर झेलना पड़ा। अब मार्ग खुलने से उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था तेजी से पटरी पर लौटेगी।
- राकेश अनेजा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आईआईए
पिछले सप्ताह माल की ढुलाई प्रभावित होने से कई इकाइयों की सप्लाई चेन बाधित रही। अब परिवहन सामान्य होने के साथ लंबित आर्डर पूरे किए जाएंगे और औद्योगिक गतिविधियां पहले की तरह संचालित होंगी।
- विकास खंडेलवाल, उद्यमी
कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन, उद्योग संगठनों और व्यापारियों के समन्वय से स्थिति नियंत्रित रही। अब यात्रा संपन्न होने के बाद शहर में सामान्य यातायात बहाल होने से उद्योग, व्यापार और बाजारों में फिर से रौनक लौटेगी।
- अरुण शर्मा, अध्यक्ष गाजियाबाद इंडस्ट्रीज फेडरेशन
कांवड़ मार्ग खुलने से माल परिवहन और इकाइयों में कर्मचारियों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी। इससे इकाइयों में उत्पादन और बाजार में माल की आवाजाही आरंभ होगी। उद्योग और कारोबार पटरी पर लौटेगा।
- संजीव सचदेवा, आइएएमए महासचिव