गाजियाबाद में पैरा खिलाड़ी चिराग को बिजली का झटका देने के बाद मारी गोली, बेंगलुरू से गोल्ड मेडल जीतकर लौटा था घर
गाजियाबाद के साईं उपवन में 25 वर्षीय पैरा खिलाड़ी चिराग का शव मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बिजली का करंट लगाने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या की ...और पढ़ें

नया बस अड्डा चौकी पर मौजूद चिराग (इनसेट) के स्वजन। जागरण
HighLights
गाजियाबाद में 25 वर्षीय पैरा खिलाड़ी चिराग का शव मिला।
बिजली का करंट लगाकर गोली मारकर हत्या की आशंका।
बंगलुरू से नेशनल के लिए क्वालिफाई कर घर लौटे थे।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पैरा एथलीट चैंपियन 25 वर्षीय चिराग त्यागी की जीटी रोड स्थित साईं उपवन में शनिवार को हत्या कर दी गई। साईं मंदिर के पास उनका शव लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस ने शव को जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों काे शव की हालत देखकर करंट से मौत होना लगा। पीठ में गोली का भी निशान है।
बंगलुरू से गोल्ड जीतकर लौटे थे घर
चिराग बंगलुरू में 26-27 मई को हुई 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 से 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर लौटे थे। हत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि मौत गोली लगने से हुई या करंट लगने से हुई है। चिराग की हत्या की वजह का पता लगाने में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
रविवार को होगा शव का पोस्टमार्टम
शनिवार शाम करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि साईं उपवन में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मौके पर चिराग का बैग और मोबाइल भी मिला। इससे पुलिस लूट के लिए हत्या को वजह नहीं मान रही है। पुलिस चिराग की हत्या खेल जगत से जुड़ी पेशेवर प्रतिद्वंदिता, किसी लड़की से संबंध या रुपयों के लेनदेन से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
चिराग के परिचित थे हत्यारे
पुलिस को शुरूआती जांच में हत्यारे चिराग के परिचित लग रहे हैं। क्योंकि माना जा रहा है कि बंगलुरू से फ्लाइट से दिल्ली आने के बाद चिराग मेट्रो से नया बस अड्डा स्थित शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन तक आए। इसके बाद परिचित के साथ ही करीब 250 मीटर दूर साईं उपवन तक गए। मौके पर बिखरे खून से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारों से चिराग की हाथापाई हुई है। उनका पूरा चेहरा खून से लथपथ मिला है। शव पीठ के बल जमीन पर मिला। जेब में मोबाइल और पास में बैग मिला।
खबरें और भी
गर्लफ्रेंड से भी मिलने की जानकारी आ रही सामने
सूत्रों के मुताबिक शनिवार को गाजियाबाद में चिराग से मिलने के लिए उसकी गर्लफ्रेंड भी आई थी। इन दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं थी। सूत्रों ने बताया है कि लड़की इंदौर की रहने वाली है। पुलिस चिराग के साथ खेलने वाले अन्य खिलाड़ियों, कोच और गर्लफ्रेंड से जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। पुलिस चिराग के दिल्ली से गाजियाबाद तक के रूट और उसके मोबाइल पर शनिवार को हुई बातचीत की जानकारी जुटा रही है।
परिवार में इकलौते थे चिराग
मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली निवासी किसान मनोज त्यागी के इकलौते बेटे चिराग त्यागी पैरा एथलीट थे। चिराग को आंखों से देखने में समस्या थी। कई प्रतियोगिताओं में चिराग ने प्रदेश और देश का परचम लहराया है।
25 मई को वह बंगुलरू में चैंपियनशिप में भाग लेने गए थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे चिराग ने सिहानी में रहने वाले अपने मामा के लड़के आशीष त्यागी को फोन कर बताया था कि वह वापस आ गया है और जल्दी ही वह घर आएगा।
इसके बाद पुलिस ने आशीष त्यागी को शाम साढ़े तीन बजे फोन कर बताया कि चिराग का मोबाइल नया बस अड्डे के पास मिला है। आशीष जब नया बस अड्डा गया तब उसे बताया कि चिराग के चोट लगी है एमएमजी अस्पताल आ जाओ। जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचने पर आशीष को पता चला कि चिराग की हत्या कर दी गई है।
"पुलिस टीमें सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। शीघ्र हत्यारों का पता लगाकर पर्दाफाश किया जाएगा। शुरुआती जांच में गोली मारकर हत्या किया जाना लग रहा है।"
-धवल जायसवाल, डीसीपी सिटी।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: मानसून से पहले ट्रांस हिंडन में नाले साफ, पर वैशाली की नालियां जाम; सड़कों पर फैला गंदा पानी
यह भी पढ़ें- Ghaziabad AQI: तीन वर्ष के मुकाबले इस साल मई में अधिक खराब रही गाजियाबाद की हवा, प्रदूषण के मुख्य कारण उजागर