बछलौता फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, बाइक की डिवाइडर से टक्कर के बाद पिता-बेटी की मौत; बेटे की काटनी पड़ी टांग
हापुड़ के बछलौता फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शाहजहांपुर के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद पिता और चार ...और पढ़ें

हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।
HighLights
बछलौता फ्लाईओवर पर बाइक डिवाइडर से टकराई।
हादसे में पिता अशोक और बेटी राधिका की मौत।
बेटे अनुज की जान बचाने के लिए टांग काटी गई।
जागरण संवाददाता, बाबूगढ़ (हापुड़)। बछलौता फ्लाईओवर के पास सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुए सड़क हादसे में शाहजहांपुर के रहने वाले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई जबकि बेटे की जान बचाने के लिए डॉक्टरों को उसकी टांग काटनी पड़ी।
पुलिस के अनुसार, थाना खुदागंज क्षेत्र के ग्राम हसनपुर के रहने वाले अशोक दयाल (42) पुत्र रामेश्वर दयाल अपनी पत्नी रिंकी, पुत्र अनुज (14), पुत्री मीनाक्षी (8) और चार वर्षीय पुत्री राधिका के साथ बाइक से नोएडा काम पर जा रहे थे। वह नोएडा में एक कंपनी में काम करते हैं और परिवार सहित नोएडा में ही रहते हैं।
रास्ते में बछलौता फ्लाईओवर के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार वर्षीय राधिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पीछे से आ रहे वाहनों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
उपचार के दौरान अशोक ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय अनुज की हालत बेहद नाजुक होने पर डॉक्टरों को उसकी जान बचाने के लिए एक टांग काटनी पड़ी। पत्नी रिंकी और आठ वर्षीय मीनाक्षी का अस्पताल में उपचार जारी है।
खबरें और भी
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- साहब! मौत बनकर मंडरा रहे 50 से अधिक जर्जर मकान, हापुड़ में मानसून की बारिश में बड़ी लापरवाही उजागर
यह भी पढ़ें- हापुड़ में फैक्ट्री पर छापामारी कर यूरिया बरामद, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लिया एक्शन