कानपुर में वर्दी वाले लुटेरों का खौफ, घाटमपुर में पुलिस की वर्दी में बाइक सवारों ने युवक को लूटा
घाटमपुर में जहानाबाद रोड पर पुलिस की वर्दी में आए दो लोगों ने एक युवक से 20 हजार रुपये लूट लिए और विरोध करने पर मारपीट भी की। पीड़ित ने एसीपी से शिकाय ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
संवाद सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। जहानाबाद रोड पर नौरंगा के पास एक युवक से पुलिस की वर्दी में पहुंचे दो लोगों ने लूट की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पीड़ित साढ़ क्षेत्र का रहने वाला है। मामले में उसने एसीपी से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साढ़ थाना क्षेत्र के हाजीपुर कदीम, चंदापुर निवासी शिवा दीक्षित उर्फ राज पुत्र छुटकन दीक्षित ने बताया कि उनके घर का काम चल रहा है। बुधवार सुबह वह 20 हजार रुपये लेकर मौरंग लेने के लिए बाइक से घाटमपुर आ रहे था। नौरंगा पहुंचने पर पिता का फोन आया कि उनकी सप्लायर से बात हो गई है और मौरंग गांव पहुंच रही है।
पिता के कहने पर वह नौरंगा से ही वापस हो गया। लौटते समय नौरंगा में चंदनपुर मोड़ से करीब 500 मीटर आगे बढ़ते ही आम के बगीचे के पास पीछे से एक बाइक में दो पुलिसकर्मी आए। शिवा के मुताबिक दोनों ने उसे रोका। पुलिस देखकर उन्होंने बाइक रोक दी। बताया कि बाइक चला रहे पुलिसकर्मी ने अपना चेहरा सफेद गमछे से बांध रखा था। दोनों ने पूछताछ करते हुए मारपीट कर दी।
आरोप है कि उनकी तलाशी ली और बाइक की डिग्गी में पड़े 20 हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर फिर से जमकर मारपीट की। उसकी फोटो खींची और दोनों चले गए। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। लेकिन, सूचना देने के लगभग 40 मिनट तक कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद वह घर चले गए। बाद में मां के साथ एसीपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। पीड़ित ने हालांकि, इस दौरान न बाइक का नंबर देखा और न ही पुलिस कर्मियों की नेम स्लिप। एसीपी कृष्णकांत यादव का कहना है कि मामले की जांच करवाई जा रही है। सीसीटीवी देखे जा रहे हैं।