कानपुर में तैयार हो जाएं UP T-20 लीग के लिए, ग्रीन पार्क में 12 मैच के लिए यूपीसीए खर्च करेगा चार करोड़
यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण के 12 मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होंगे, जिसके लिए यूपीसीए चार करोड़ रुपये खर्च करेगा। स्टेडियम में ड्रेनेज ...और पढ़ें

HighLights
2.50 लाख प्रति मैच किराया और एक करोड़ की धनराशि से बढ़ाई जाएगी फ्लड लाइट की लक्स क्षमता
ग्रीन पार्क में वर्षा की चुनौती से निपटने को स्टेडियम में रहेंगे 100 से ज्यादा कवर्स डालने वाले कर्मचारी
जागरण संवाददाता, कानपुर। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पहली बार दो शहरों की मेजबानी में होने वाला यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण चुनौतियों से भरा रहेगा। लीग के कुल 34 मैच में 22 लखनऊ के इकाना और 12 मैच ग्रीन पार्क स्टेडियम की मेजबानी में होंगे।
लखनऊ के अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और मानक युक्त स्टेडियम में यूपीसीए को मैच का किराया ही चुकाना पड़ेगा। जबकि, ग्रीन पार्क में ड्रेनेज सिस्टम की कमी के चलते 100 से ज्यादा कवर्स डालने वाले, फ्लड लाइट की कम होती रोशनी के लिए डेढ़ करोड़ तथा शासन के नए जियो के हिसाब से 2.50 लाख प्रति मैच की दर से शुल्क चुकाना पड़ेगा। ग्रीन पार्क में होने वाले 12 मैचों की मेजबानी के लिए यूपीसीए कुल चार करोड़ की धनराशि खर्च करेगा।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने कहा कि स्टेडियम में मैच आयोजन के लिए जरूरी खामियों को दूर करना चुनौतीपूर्ण होगा। 12 मैचों के लिए भी यूपीसीए को तकरीबन चार करोड़ रुपए खर्च करने पड़ेंगे। इसमें प्रति मैच 2.50 लाख रुपए के हिसाब से 30 तीस लाख का खर्च होगा।
इसी प्रकार फ्लड लाइट में डीजल और जनरेटर सेट का खर्च तकरीबन 50 लाख, प्लेयर्स पवेलियन व ब्राडकास्ट व सभी गैलरियों में कैमरे, स्टेडियम की सभी लिफ्ट को सही करने में लगभग 70 लाख का खर्च आने की संभावना है।
खबरें और भी
इसके अलावा ग्रीन पार्क में फ्लड लाइट की रोशनी वर्तमान 14 हजार लक्स के आसपास है, इसे 17 हजार लक्स तक बढाने में यूपीसीए को कम से कम एक करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे। साथ ही स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम न होने के कारण केवल मैचों के लिए 100 कर्मचारियों को कवर्स डालने के लिए और मैदान में पाइप डालने पर भी लगभग 50 लाख का खर्चा अनुमानित है।
वहीं, ग्रीन पार्क की जर्जर सी बालकनी को दुरुस्त कराने व अन्य सभी गैलरियों की साफ-सफाई, टूटी कुर्सियों को बदवाने, रंगाई-पुताई आदि में एक करोड़ का खर्चा आएगा।
100 रुपये में यूपी टी-20 लीग का रोमांच देख सकेंगे क्रिकेट प्रेमी
14 अगस्त से दो शहरों की मेजबानी में होने वाले यूपी टी-20 लीग का रोमांच क्रिकेट प्रेमी महज 100 रुपये में देख सकेंगे। लीग के लिए ग्रीन पार्क स्टेडियम में स्टूडेंट गैलरी बनाई जाएगी। जिसकी टिकट की दर को 100 रुपये रखा जाएगा। जबकि, कार्पोरेट और फैमिली बाक्स भी बनाए जाएंगे। जिसमें पूरे सीजन के मैच का शुल्क एक साथ लिया जाएगा। हालांकि, अभी कार्पोरेट और फैमिली बाक्स के मूल्य निर्धारित नहीं किए गए हैं। जल्द ही गवर्निंग काउंसिल की ओर से इसकी घोषणा की जाएगी।