Rain Alert: कानपुर में 15 जुलाई तक वर्षा का अलर्ट, धंस रहीं सड़कें, जलभराव, स्कूलों में अवकाश की मांग
कानपुर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश से सड़कें धंस गईं और भीषण जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक वर्षा का अलर्ट जारी ...और पढ़ें
-1783703697796_m.webp)
इंडस्ट्रियल एरिया पनकी में पीआइए पार्क के सामने जल भराव। उद्यमी
HighLights
कानपुर में रिकॉर्ड बारिश से सड़कें धंसीं, भीषण जलभराव।
मौसम विभाग का 15 जुलाई तक वर्षा का अलर्ट जारी।
शिक्षक महासभा ने स्कूलों में अवकाश की मांग की।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में मानसून की रफ्तार से रिकार्ड बारिश हुई। शुक्रवार को मूसलाधार बारिश की वजह से कई इलाके जलमग्न हो गए। अव्यवस्था की वजह से सड़कें धंस गईं। सीवर जाम होने की वजह से भीषण जलभराव रहा। वहीं, मौसम विभाग ने 15 जुलाई तक वर्षा का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में शिक्षक महासभा ने स्कूल में अवकाश की मांग की है।
मौसम विभाग के अनुसार अगर तीन दिन भारी बारिश होती है तो वर्षा के कारण शहर के अनेक क्षेत्रों में व्यापक जलभराव की स्थिति बनेगी। साथ ही विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण एवं खुदाई कार्य के कारण सड़कों और फुटपाथों पर गड्डे बने हुए हैं। जलभराव होने से स्कूली बच्चों के चुटहिल व घायल होने का अंदेशा है। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप यादव ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मौसम सामान्य होने तक समस्त विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की मांग की है।
शुक्रवार को हुई वर्षा के बाद नौबस्ता खाड़ेपुर मार्ग पर हुए जलभराव के बीच निकलते वाहन। जागरण
बारिश में डूबीं दक्षिण शहर की सड़कें
शुक्रवार सुबह और शाम हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत फिर उभर करके सामने आ गई। कुछ ही देर की तेज बारिश के बाद प्रमुख बाजारें और रिहायशी इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी, जबकि कई स्थानों पर जाम लगने से वाहन चालक घंटों फंसे रहे।
बाबूपुरवा के बाकरगंज चौराहा के पास धंसी सड़क से निकाला जा रहा पानी। जागरण
गोविंदनगर, साकेत नगर, जरीब चौकी समेत कई इलाकों में सड़कें बनीं तालाब
गोविंदनगर बाजार रोड, चावला मार्केट, नंदलाल चौराहा, निराला नगर, साकेत नगर, कर्रही, खाड़ेपुर, योगेंद्र विहार, यशोदा नगर, आरटीओ मार्ग, सर्वोदय नगर, जरीब चौकी और मरियमपुर चौराहा सहित कई इलाकों में सड़कें तालाब जैसी दिखाई दीं। जेके मंदिर पांडुनगर में नाली से अतिक्रमण हटने के बाद जलभराव नहीं हुआ।
खबरें और भी
जलभराव और जाम से लोग घंटों परेशान
बाजारों में पानी भरने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ। खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों को जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि चारपहिया वाहन भी रेंगते नजर आए। बारिश के दौरान प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस को बारिश में सड़कों पर उतरना पड़ा
गोविंदनगर, जरीब चौकी और टाटमिल चौराहा समेत अन्य व्यस्त मार्गों पर लंबा जाम लग गया। यातायात सुचारु कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस को घंटों सड़क पर उतरकर मशक्कत करनी पड़ी। बारिश थमने के बाद धीरे-धीरे जलभराव कम हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
बर्रा के अंधा कुआं रोड पर ई-आटो पर गिरा गूलर का पेड़। पब्लिक
तेज हवा व बारिश में टूटीं पेड़ों की डालियां, गुल हुई बिजली
तेज हवा के साथ शुक्रवार को हुई बारिश से शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तारों पर पेड़ों की डालियां गिरने से कई इलाकों में तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रही। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन जगहों पर बिजली बाधित
केस्को के ही आंकड़े मान लें तो जंगली देवी फीडर की बिजली सुबह साढ़े छह से साढ़े नौ बजे तक बाधित रही। बारादेवी फीडर पर दो स्थानों पर पेड़ों की डाल लाइन से टकराने के कारण सुबह साढ़े सात से सवा ग्यारह बजे तक आपूर्ति बंद रही। वाजिदपुर के दुर्गा मंदिर फीडर की लाइन क्षतिग्रस्त होने से सुबह साढे पांच से साढ़े नौ बजे तक बिजली नहीं मिल सकी। बनिया बाजार फीडर पर पेड़ गिरने से सुबह छह से 10 बजे तक बिजली गुल रही, जबकि नौबस्ता उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर पेड़ों की डाल गिरने से शाम चार बजे से 6:25 बजे तक आपूर्ति प्रभावित रही।
आज इन क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
केस्को शनिवार को चार क्षेत्रों में मरम्मत कार्य के चलते शटडाउन लेगा। खालसा बाजार के गांधी कैंटी फीडर की बिजली सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बंद रहेगी। एल-ब्लाक किदवई नगर स्थित कोआपरेटिव इंटर कालेज फीडर पर सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक, गीता नगर के एलआइजी फीडर पर सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक तथा रावतपुर के मरहटपुर फीडर पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।