झपकी आने से एक पल में उजड़ गया परिवार: कानपुर देहात में रामगंगा नहर में गिरी कार, दो भाइयों समेत तीन की मौत
कानपुर देहात के रसूलाबाद में ओरिया गांव के पास एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार रामगंगा नहर में गिर गई, जिससे दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ये लोग ए ...और पढ़ें

रस्सा बांधकर कार को नहर से खींचकर निकालने का प्रयास करते ग्रामीण। सौ. ग्रामीण
HighLights
अनियंत्रित स्विफ्ट कार रामगंगा नहर में गिरी।
दो भाइयों समेत कुल तीन लोगों की मौत।
मुंडन कार्यक्रम से लौटते समय हुआ यह हादसा।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। कानपुर देहात में बड़ा हादसा हुआ। रसूलाबाद के ओरिया गांव के मजरा हरिनिवादा के पास अनियंत्रित कार रामगंगा नहर में जा गिरी और सगे भाइयों व कार चालक की जान चली गई। आशंका है कि लंबा सफर तय करके आए चालक को झपकी आ गई जिसके चलते वह नियंत्रण न रख पाया और हादसा हो गया।
कार गिरने के बाद ग्रामीणों व वहीं से गुजर रहे बीईओ रसूलाबाद व पीआरवी के पुलिस कर्मियों ने प्रयास कर शीशा तोड़कर एक युवक को सकुशल बचा लिया। उसे अस्पताल लेकर जाया गया। हादसे ने खुशियों को दुख में बदल दिया।

गोंडा शहर कोतवाली के बहराइच रोड निवासी 55 वर्षीय टेंट हाउस संचालक राजेश श्रीवास्तव, उनके भाई 43 वर्षीय राधेश, भतीजे 23 वर्षीय अभिषेक संग अपनी ममेरी बहन अकौढ़िया गांव रसूलाबाद की संपा श्रीवास्तव के पुत्र के मुंडन संस्कार में शामिल होने को शुक्रवार सुबह निकले थे। वह गोंडा के तिवारीपुरवा गांव के 42 वर्षीय कार चालक इरफान उर्फ करिया की स्विफ्ट कार बुक कर यहां आए थे।
कार्यक्रम में एक घंटा रुकने के बाद वह वापस घर जाने को कार से निकले, शाम चार बजे करीब ओरिया गांव के मजरा हरि निवादा की पुलिया के पास पहुंचे थे। उसी समय कार अनियंत्रित होकर बगल में रामगंगा नहर में सीधे जा गिरी, इस पर आसपास मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने शोर मचाया और दौड़ पड़े। उसी समय वहां से गुजर रहे बीईओ अजब सिंह भी मदद को ग्रामीणों संग जुट गए।
खबरें और भी
ग्रामीणों ने हाथ से शीशा तोड़ना चाहा पर असफल रहे, इसके बाद कुल्हाड़ी से पीछे का शीशा तोड़कर अभिषेक को बाहर निकाला जो कि जीवित था बाकी राजेश, राधेश व इरफान ने दम तोड़ दिया था। रस्सा बांधकर ट्रैक्टर की मदद से किनारे तक कार को लाया गया। अभिषेक को सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया गया जहां से एलएलआर अस्पताल हैलट कानपुर रेफर कर दिया गया।
ममेरी बहन संपा के पति दिलीप ने बताया कि कानपुर एक रिश्तेदार के यहां जाने की बात कहकर निकले थे पर क्या पता था यह हो जाएगा। एएसपी राजेश पांडेय व इंस्पेक्टर सतीश सिंह ने अभिषेक का हाल जाना व घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।
एएसपी ने बताया कि आशंका है कि झपकी आने से हादसा हुआ क्योंकि लंबा सफर तय करके आए थे। घटनास्थल देखा गया व ग्रामीणों से भी पूछताछ की पर बाकी और कोई कारण समझ नहीं आ रहा।
यह भी पढ़ें- हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण जाम, रेफर मरीज की फंसी कार, समय पर इलाज न मिलने से गई जान
यह भी पढ़ें- Cricket News: ग्रीन पार्क कानपुर कर्नल सीके नायडू मुकाबला, 170 रन पर सिमटी चंडीगढ़ टीम
यह भी पढ़ें- रील के जुनून में जिंदगी से खिलवाड़: तेज रफ्तार वाहनों के बीच उन्नाव का चौराहा बना शूटिंग स्पॉट