Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कौशांबी में पांचवीं कक्षा के छात्र ने 'एक पेड़ मां के नाम' रोपा, फिर फंदे पर लटकती मिली लाश

    By Gurudeep Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Sat, 11 Jul 2026 03:45 PM (IST)

    कौशांबी के मंझनपुर में पांचवीं कक्षा के छात्र गोपाल का शव फंदे से लटका मिला, जिसने कुछ देर पहले ही 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधा रोपा था। पु ...और पढ़ें

    कौशांबी के मंझनपुर क्षेत्र में छात्र की मौत से गमगीन परिवार के सदस्य। जागरण

    कौशांबी के मंझनपुर क्षेत्र में छात्र की मौत से गमगीन परिवार के सदस्य। जागरण

    HighLights

    1. शव 5 फीट ऊंचे दरवाजे के गुल में बंधी साड़ी के फंदे के लटकता मिला

    2. मंझनपुर क्षेत्र के कोतारी पश्चिम गांव की घटना, पुलिस कर रही पड़ताल

    संसू, जागरण, ओसा (कौशांबी)। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कोतारी पश्चिम गांव में एक दु:खद घटना हुई। शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौटे कक्षा पांच के छात्र ने एक पौध मां के नाम रोपित किया। इसके कुछ ही देर बाद उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के समय घर में रही सात वर्षीय बहन ने देखा तो शोर मचाया। पड़ोस में रहने वाले चाचा ने जिंदा होने की आशंका में उसे फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम में घटना का कारण पता चल सकेगा।

    घटना के समय मां खेत गई थी

    कोतारी पश्चिम निवासी घनश्याम मौर्य लखनऊ के एक वृद्धजन आश्रम में रहकर खाना बनाने का काम करता है। गांव में उसकी पत्नी मिस्ली देवी बेटे 17 वर्षीय गोविंद, 10 वर्षीय गोपाल व सात वर्षीय बेटी के साथ परिवार से अलग घर में रहती थी। घनश्याम के भाई शीतला प्रसाद ने बताया गोविंद इन दिनों अपनी ननिहाल रक्सराई गांव गया है। शुक्रवार सुबह भाभी खेत में धान की रोपाई करने गई थीं।

    प्रधान के घर से पौधा लाकर गोपाल ने रोपित किया 

    बताया कि गोपाल गांव के सरकारी स्कूल में पांचवी का छात्र था। वह भी सुबह स्कूल गया था। स्कूल में बच्चों को एक पेड़ मां के नाम रोपित करने के लिए कहा गया था। दोपहर में छुट्टी होने के बाद गोपाल प्रधान तमन्ना बीवी के घर पहुंचा। वहां से नींबू का एक पौधा लाया। घर आने के बाद उसने खाना खाया फिर भैंस को चारा डाला। घर के बाहर गोपाल ने पौधा रोपित किया।

    भतीजी ने चाचा को दी जानकारी

    शीतला प्रसाद का घर में ही तेल पेराई का कारखाना है। दोपहर करीब दो बजे भतीजी ने आकर गोपाल के फंदे से लटकने की जानकारी दी। वह पड़ोसी के साथ बदहवाश हालत में वहां पहुंचे तो गोपाल को फंदे से लटकता देखा। शव पांच फीट ऊंचे दरवाजे के गुल में बंधी साड़ी के फंदे के लटक रहा था। जानकारी होने पर गोपाल की मां भी रोते-बिलखते आ गई।

    खबरें और भी

    क्या कहते हैं मंझनपुर थाना प्रभारी?

    इस संबंध में थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वजन किसी पर आरोप लगाते हुए तहरीर देते हैं तो उस पर भी जांच की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- वाराणसी-कानपुर NH पर प्रयागराज में सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षामित्र की मौत व पति घायल

    यह भी पढ़ें- सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में भाकियू युवा अध्यक्ष समेत चार नामजद, 100 अज्ञात पर मुकदमा