शिक्षिका ने छात्र की टीसी लेने गए अभिभावक को चप्पलों से पीटा, कौशांबी के परिषदीय विद्यालय में मची अफरा-तफरी
शिक्षिका ने छात्र की टीसी लेने आए अभिभावक को चप्पलों से पीटा, जिससे कौशांबी के एक परिषदीय विद्यालय में हड़कंप मच गया। विवाद टीसी बनाने में देरी को लेक ...और पढ़ें

अभिभावक की चप्पल से पिटाई करती शिक्षिका और शिक्षक। सौजन्य : इंटरनेट मीडिया
HighLights
बच्चे की टीसी लेने पहुंचा था अभिभावक, जल्द बनवाने को लेकर दोनों में हुआ था विवाद
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में खलबली मच गई
संसू, जागरण, चायल (कौशांबी)। ब्लाक संसाधन केंद्र (बीआरसी) मूरतगंज के काजू गांव स्थित एक परिषदीय विद्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शिक्षिका और शिक्षक विद्यालय पहुंचे छात्र के अभिभावक से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) बनाने को लेकर विवाद होने के बाद चप्पल से पीटने लगे। वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन जमीन पर पटककर तोड़ दिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग में खलबली मच गई। दैनिक जागरण प्रसारित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
काजू गांव का एक अभिभावक अपने बच्चे की टीसी लेने के शुक्रवार दोपहर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचा। आरोप है कि प्रधानाध्यापिका ने अभिभावक से कहा कि छुट्टी होने को अब महज आठ मिनट शेष है। जबकि स्थानांतरण प्रमाण पत्र बनाने में अधिक समय लगता है। इससे उनका वाहन छूट जाएगा। यह बात कहते हुए उन्होंने अभिभावक से शनिवार को आने के लिए कहा।
यह बात अभिभावक को नागवार लगी और काफी दूर से विद्यालय आने की बात कहते हुए स्थानांतरण प्रमाणपत्र लेने की जिद करने लगा। इसी बात को लेकर शिक्षिका और अभिभावक के बीच बहस होने लगी। बताते हैं कि विवाद बढ़ा तो अभिभावक ने वीडियो बनाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर प्रधानाध्यापिका ने उसका एंड्रायड मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह टूट गया।
यही नहीं आरोप के अनुसार प्रधानाध्यापिका चप्पल उतारकर अभिभावक की पिटाई करने लगी। एक शिक्षक ने अभिभावक को पकड़ लिया। हालांकि अभिभावक ने किसी तरह उनकी चंगुल से छूटकर अपना बचाव किया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ तो विभाग में खलबली मच गई।
खबरें और भी
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी का कहना है कि अभिभावक सात से आठ लोगों के साथ विद्यालय पहुंचे थे। दोनों पक्षों को चरवा थाना बुलाया गया था। शिक्षिका ने अभिभावक के मोबाइल के नुकसान की भरपाई कर दी है। साथ ही दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। अब अभिभावक और शिक्षिका में कोई विवाद या मतभेद नहीं है।